होली मिलन समारोह में शामिल हुए पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, कहा- कांग्रेस नहीं कर सकती जनता का भला
MP News: होली मिलन समारोह में शामिल होने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधानी पहुंचे। यहां पूर्व सीएम ने ढोल बजाया और फाग पर जमकर थिरके। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी को भी आड़े हाथों लिया। पूर्व सीएम चौहान ने कहा कि कांग्रेस कभी भी देश की जनता का भला नहीं कर सकती है।
बुधानी में आयोजित होली मिलन समारोह में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था। पूरा देश दिवाली मना रहा था, उत्सव के रंग में डूबा हुआ था। सभी रामलला के दर्शन के आतुर थे। कांग्रेस पार्टी को सम्मानपूर्वक निमंत्रण दिया गया था।

लेकिन उन्होंने कहा कि हम नहीं जाएंगे, विनाशकाले विपरित बुध्दि। आज कांग्रेस के विचारवान नेता कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं। क्योंकि, जब कांग्रेस सरकार में थी..तब भी उन्होंने कोई विकास नहीं किया। कांग्रेस कभी भी देश की जनता का भला नहीं कर सकती है। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वो अद्भुत काम कर रहे है।
होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम चौहान ने कहा कि मैं बेटियों के पैर धोता हूं, मैं बहनों की पूजा करता हूं, मुझे हर स्त्री में देवी का रूप दिखाई देता है। बहनों की जिंदगी में आंसू नहीं रहने दूंगा, उनकी जिंदगी में खुशहाली लाकर रहूंगा। आखिर क्यों बेटा और बेटी में भेद किया जाएगा। क्या बेटियां कोख में मरती रहेंगी, ये सभी सवाल मुझे बैचेन करते हैं।
इसलिए, जब मैं मुख्यमंत्री बना तो सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजना बनाई। बेटियां बोझ नहीं वरदान हैं। फिर लाड़ली बहना योजना आई, ये योजनाएं जिंदगी बदलने के लिए बनी। मेरी बहनें मजबूर न रहें, मजबूत बनें। उनका मान बढ़े, सम्मान बढ़े, आत्मसम्मान बढ़े। जब तक मेरी सांस चलेगी, तब तक बहनों के कल्याण के लिए काम करूंगा।
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी संकल्प है कि हर बहन को लखपति बनाना है। लखपति दीदी मतलब बहनों की आय साल में एक लाख रुपये से ज्यादा हो। उन्होंने कहा कि राजनीति में इसलिए काम किया कि उद्देश्यपूर्ण जीवन जीना है। इतना ही नहीं, पूर्व सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारा देश आगे बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications