MP News: दूसरे चरण की वोटिंग में होशंगाबाद सीट पर सबसे ज्यादा मतदान, रीवा में सबसे कम, जाने किसे मिलेगा फायदा
Madhya Pradesh LS Election News: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण का मतदान संपन्न हो गया है। इस चरण में प्रदेश की 6 लोकसभा सीटों सतना, रीवा, दमोह, खजुराहो, टीकमगढ़ और होशंगाबाद पर वोटिंग हुई। सुबह मतदान में तेजी थी लेकिन दोपर बाद माहौल ठंडा पड़ गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि शाम 6 बजे तक प्रदेश के 6 लोकसभा सीट पर 58.35 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इसमें सबसे ज्यादा होशंगाबाद सीट पर 67.16% और सबसे कम रीवा सीट पर 48.67% मतदान हुआ है।

पिछले चुनाव में इन 6 सीटों पर 67.6% मतदान हुआ था। इस लिहाज से अभी जो आंकड़ा सामने आया है, वो पिछले चुनाव की तुलना में कम है। हालांकि जब चुनाव आयोग फाइनल नंबर जारी करेगा, उसमें मतदान का आंकड़ा बढ़ सकता है।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में एमपी की 6 सीटों पर 58 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है। पिछली बार इन 6 सीटों पर औसत 67 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस लिहाज से करीब 9 फीसदी कम वोटिंग हुई है। पहले चरण की 6 सीटों पर भी 2019 के चुनाव की तुलना में 8 फीसदी वोटिंग कम हुई है।
दूसरे चरण के इन 6 संसदीय क्षेत्र में आने वाली 47 विधानसभा सीटों पर 5 महीने पहले हुए चुनाव से भी 17 फीसदी कम वोटिंग हुई है। इन 47 सीटों में से 40 सीटों पर भाजपा और 7 सीटों पर कांग्रेस विधायक हैं।
राजनीतिक विश्लेषक सरवन नगले से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में कम वोटिंग के बाद राजनीतिक दलों और चुनाव आयोग ने दूसरे चरण में वोटिंग बढ़ाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया था, लेकिन वे कामयाब होते नहीं दिखाई दिए हैं। माना जा रहा था कि दूसरे चरण में पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले ज्यादा वोटिंग होगी। लेकिन, इस मतदान ने भाजपा ही नहीं, कांग्रेस की भी धड़कनें तेज कर दी हैं।
खजुराहो से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा चुनाव मैदान में है। इस सीट पर विधानसभा चुनाव के मुकाबले वोटिंग में करीब 12 फीसदी की कमी आई है, जबकि भाजपा ने हर बूथ पर 370 वोटों की वृद्धि का नारा दिया था। विशेषज्ञों का कहना है कि 2014 के चुनाव के मुकाबले 2019 के लोकसभा चुनाव में वोटिंग में वृद्धि के फलस्वरूप भाजपा को फायदा हुआ था। उस समय भाजपा ने इन सभी सीटों को बड़े मार्जिन से जीता था।












Click it and Unblock the Notifications