मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में पॉजिटिविटी रेट 5% से कम: CM शिवराज
भोपाल। कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश भर में कोहराम मचा दिया है। संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। वहीं पूरा देश लॉकडाउन में है। इस बीच मध्य प्रदेश से एक राहत भरी खबर आ रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण को नियंत्रित करने में सफल रहे हैं। पॉजिटिविटी रेट 24% के ऊपर पहुंच गया था, कल वो घटकर 10.6% हो गया।

कुछ जिलों में पॉजिटिविटी रेट 5% के भी अंदर आ गया है। सीएम शिवराज ने कहा कि अस्पतालों में कोई समस्या नहीं है, बिस्तर और ऑक्सीजन सहित सब कुछ है। मैं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वे हमारी सर्वेक्षण टीम से कोई भी लक्षण न छिपाएं ताकि उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
वहीं भापाल में भी कोरोना कर्फ्यू को 24 मई को सुबह 6 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। भोपाल के अलावा जबलपुर और ग्वालियर में भी कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है। इसे लेकर कलेक्टर ने आदेश जारी कर दिया है। इस बार भी लोगों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी गई है।
पुलिस सख्ती के साथ भोपाल में लॉकडाउन का पालन करवाएगी। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में संक्रमितों की संख्या लगातार कम हो रही है। बात अगर पिछले 24 घंटे की करें तो 7016 मरीज मिले हैं। अच्छी बात ये है कि 42 दिन बाद यह गिरावट देखने को मिली है। वहीं आज कोरोना से प्रदेश में 79 मौतें हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications