CM शिवराज ने भोपाल महापौर प्रत्याशी मालती के पक्ष में किया प्रचार, कमलनाथ पर बोला हमला
भोपाल,03 जुलाई। राजधानी में महापौर पद के प्रत्याशी मालती राय को चुनाव जिताने के लिए मुख्यमंत्री सहित भाजपा कार्यकर्ता चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। मुख्यमंत्री लगातार मालती राय को जिताने के लिए ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में आज वह भोपाल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए भाजपा ने कई योजनाएं बनाई, उनमें एक गरीबों की कमाई केवल राशन खरीदने में खर्च ना हो जाए, इसलिए एक रुपए किलो में हमने गेहूं, चावल, नमक की व्यवस्था की। गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों की मेडिकल, इंजीनियरिंग, लॉ, आईआईएम में एडमिशन होने पर उनकी फीस माता-पिता नहीं, हमारी सरकार भरवायेगी। संबल योजना में हमने तय किया कि गरीब गर्भवती बहनों को प्रसव से पूर्व 4 हजार और प्रसव पश्चात 12 हजार रुपये दिये जायेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि कमलनाथ जी से पूछना चाहता हूं कि मेरी गरीब बहनों के कल्याण की इस योजना को क्यों बंद कर दिया। मैं आप सबसे आग्रह करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की मेयर प्रत्याशी मालती राय और सभी पार्षद प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद दीजिए और विकास की जिम्मेदारी मुझ पर छोड़ दीजिए।
सीएम शिवराज विकास के नाम पर मांग रहे हैं वोट
मध्य प्रदेश के नगरी निकाय चुनावों में सीएम शिवराज भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए विकास की योजनाओं को जनता के सामने रख रहे हैं। चुनाव प्रचार में स्थानीय मुद्दों से ज्यादा प्रदेश में सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याण योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। वहीं कांग्रेस भोपाल नगर निगम चुनाव में महापौर पद की प्रत्याशी विभा पटेल के पुराने कार्यकाल के बारे में लोगों को बता रही है और भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रख रही है।
पहली बारिश में भोपाल की सड़कें उखड़ जाने को लेकर विभा पटेल ने शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहली बारिश में ही उखड़ी भोपाल की सड़कें, विकास की पोल खोल रही हैं, भोपाल नगर निगम अब "भ्रष्टाचार मय निगम" बन गया है ।












Click it and Unblock the Notifications