MP News: हरदा पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद एक्शन में दिखे CM मोहन यादव, कलेक्टर और SP को तत्काल प्रभाव से हटाया
Harda News: हरदा जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एक्शन में नजर आ रहे हैं। सीएम ने कार्रवाई करते हुए हरदा एसपी और कलेक्टर को हटा दिया है। सरकार ने पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार कंचन को एसपी के पद से हटाते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ कर दिया है।
इसके अलावा सीएम यादव ने कार्रवाई करते हुए हरदा कलेक्टर ऋषि गर्ग को कलेक्टर के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया। उन्हे मंत्रालय में उपसचिव के पद पर भेजा गया है। जिले में नई पदस्थापना होने तक जिला पंचायत सीईओ रोहित सिसोदिया को हरदा कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वहीं सीएम की नाराजगी के बाद कारखाना निरीक्षक और सहायक संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा नवीन कुमार वर्मा को सस्पेंड कर दिया गया। बता दे पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के लगभग 28 घंटे बाद, बुधवार दोपहर को रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया गया। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है और 217 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें फैक्ट्री के 51 मजदूर भी शामिल हैं। 184 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने हरदा की जिला अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद, इस मामले में कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उन्होंने घटना स्थल पर भी जाकर प्रशासनिक अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की थी।
हालांकि, जब सीएम यादव हरदा पहुंचे, लोगों ने उनसे मिलने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद, नाराज लोगों ने चक्काजाम किया और अपनी आपत्ति जाहिर की। इसी बीच, हरदा के रहटाखुर्द क्षेत्र के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री पर बुलडोजर चलाने की मांग के साथ, ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं के साथ धरना प्रदर्शन भी किया था।












Click it and Unblock the Notifications