आपके आनंद से कांग्रेस और केजरीवाल के छाती पर सांप लोट रहे: सीएम मोहन यादव
Madhya Pradesh News: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक तरफ युवाओं का जोश हाई था तो दूसरी तरफ मध्यप्रदेश की राजनीति में भी हाई जोश देखने को मिला। मध्यप्रदेश के युवाओं ने अपने कौशल का परिचय करवाया। स्वामी विवेकानंद पर केन्द्रित अनुपम रंगोली ने सबका मन मोह लिया। इस रंगोली के बारे में सीएम मोहन यादव ने कहा कि यह सिर्फ रंगोली नहीं, विकसित भारत के नक्शे में मध्यप्रदेश की युवा शक्ति द्वारा भरे गए इच्छा शक्ति के रंग है।
इस अवसर पर लाड़ली बहनों के खाते में राशि अंतरित की गई। सीएम मोहन यादव ने कहा हमारी सरकार जनहित के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी बोलते थे लाड़ली बहना योजना बस एक महीना में बंद कर देंगे। इस महीने में नहीं तो अगले महीने में जरूर बंद कर देंगे। वो कहते थे कि इनके पास तो पैसे ही नहीं है कहां से लाएंगे। हमारी सरकार के आज एक साल हो गए हर महीने पैसे डाला जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि लाड़ली बहनों आपके आनंद से कांग्रेस और केजरीवाल के छाती पर सांप लोट रहे है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति तो सनातन संस्कृति है। हमारे लिए तो परमात्मा की दया से बहनों के लिए कभी कमी नहीं होती। हमारे पास जो होता है उसको भी देकर हमलोग खुशी मनाते है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने तो महिला के साथ-साथ इसमें और तीन शब्द जोड़ दिए। पीएम ने कहा कि गरीब, युवा और अन्नदाता इनका भी ख्याल रखा जाए।
मध्यप्रदेश सरकार 2 लाख 70 हजार सरकारी पदों पर भर्ती करेगी
सीएम मोहन यादव ने कहा युवा में सब क्षमता है वो सब प्रकार से काम करने में दक्ष है लेकिन आवश्यकता इस बात की है एक मिशन के तहत साथ लेकर चला जाए। उन्होंने कहा आने वाले समय में हमने मिशन मोड के तहत अलग-अलग सेक्टर में काम शुरु किया है। अगले 5 वर्षों में मध्यप्रदेश सरकार 2 लाख 70 हजार सरकारी पदों पर भर्ती करेगी।
गौरतलब है कि युवा दिवस के अवसर पर भोपाल के शौर्य स्मारक में 18 हजार स्क्वेयर फीट में बनी 'विश्व की सबसे बड़ी 3D रंगोली' को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। इसे इंदौर क्वीन के नाम से मशहुर शिखा शर्मा ने बनाया था।












Click it and Unblock the Notifications