MP News: युवा दिवस पर एमपी के युवाओं के लिए CM यादव का बड़ा फैसला, हर कॉलेज छात्र का हेल्थ रिकॉर्ड रखेगी सरकार
MP News: स्वामी विवेकानंद की जयंती, जिसे हम युवा दिवस के रूप में मनाते हैं, के मौके पर मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल में 'युवा शक्ति मिशन' की शुरुआत की, जिसके तहत अब प्रदेश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में हर युवा का हेल्थ रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसका उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ युवाओं की शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।

'उमंग शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस' कार्यक्रम का शुभारंभ
इस मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 'उमंग शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस' कार्यक्रम की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है कि मध्यप्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। इस परीक्षण के आधार पर प्रत्येक छात्र का आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) तैयार किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग मिलकर संचालित करेंगे, जिससे युवाओं की समग्र भलाई सुनिश्चित की जा सके।
युवाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाएं और हेल्पलाइन
युवा शक्ति मिशन के तहत, युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। सरकार ने टेली मानस (14416) सेवाओं को भी शुरू किया है, जिसके माध्यम से युवा मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और मानसिक समस्याओं का समाधान पा सकते हैं। इसके साथ ही, एक और हेल्पलाइन नंबर 14425 जारी किया गया है, जिस पर युवा स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अलावा, नशे के दुष्प्रभावों के बारे में युवाओं को जागरूक करने के लिए 'जस्ट आस्क' चैटबोट भी शुरू किया गया है। यह चैटबोट युवाओं को नशे से मुक्ति के उपायों और इससे होने वाले नुकसानों के बारे में जानकारी प्रदान करेगा।
मध्यप्रदेश में युवाओं की संख्या और लक्ष्य
मध्यप्रदेश में 24 सरकारी और 53 प्राइवेट विश्वविद्यालयों के साथ-साथ 2300 से ज्यादा कॉलेज हैं, जिनमें 13 लाख से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा, हर साल लगभग 6.5 लाख छात्र 12वीं कक्षा पास करते हैं।
युवा शक्ति मिशन का सबसे बड़ा लक्ष्य यह है कि 2028 तक प्रदेश में 70 फीसदी (लगभग 1.5 करोड़) युवाओं को रोजगार मिल सके, जिससे वे सक्षम और आत्मनिर्भर बन सकें। इसके साथ ही, 2030 तक राज्य के सभी युवाओं को न्यूनतम 12वीं कक्षा तक शिक्षा प्रदान करने का लक्ष्य भी तय किया गया है।
युवा पोर्टल का लॉन्च
प्रदेश सरकार ने एक विशेष 'युवा पोर्टल' भी लॉन्च किया है, जो प्रदेश के युवाओं को सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करेगा। यह पोर्टल युवाओं को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी एक जगह उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें योजना का लाभ आसानी से मिल सके।
युवा शक्ति मिशन... संवाद से लेकर स्वावलंबी तक
- युवाओं से संवाद करके उनकी पढ़ाई, इच्छा और योग्यता का आकलन करना कि वे किन क्षेत्रों में जाना चाहते हैं।
- सरकार के 54 मंत्रालयों का आपस में तालमेल कराकर दिशा निर्धारित करना, ताकि युवाओं की जिंदगी खुशहाल बने।
- लर्निंग व स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से युवाओं को स्वावलंबी बनाना। तकनीक के आधार पर उनकी जिंदगी को बेहतर बनाना।
सीएम के भाषण पर कांग्रेस ने कसा तंज
सीएम ने अपने संबोधन में क्रांतिकारी मदनलाल ढींगरा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जलियावाला बाग नरसंहार के दोषी जनरल डायर को इंग्लैंड में गोली मारकर हिसाब चुकता किया था। इस पर कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा कि डायर की हत्या ऊधम सिंह ने की थी, मदनलाल ढींगरा ने नहीं। शायद आपके भाषण लिखने वालों को इतिहास का ज्ञान नहीं। इससे युवाओं में गलत संदेश जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications