MP Weather: मध्य प्रदेश में 4 दिन जमकर गरजेंगे बादल, मौसम विभाग का अलर्ट, 25 जिलों में ऐसे ही रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश में पिछले 5 दिनों से मौसम का मिजाज बदल रहा है, जिसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। रतलाम और गुना जिलों में दोपहर को बारिश की शुरुआत हो गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
शिवपुरी, अशोकनगर में मध्यम तूफान (50 किमी प्रति घंटे तक हवा की गति) का अनुमान है, जो बिजली के साथ आ सकता है। राजगढ़, विदिशा, सागर, सिंगरौली, टीकमगढ़, श्योपुरकलां, ग्वालियर, नीमच जैसे जिलों में आकाशीय बिजली के गिरने और चमकने की संभावना है।

दोपहर के बाद निवाड़ी, ओरछा, छतरपुर, बैतूल, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, कटनी, सीधी, शहडोल और उमरिया जिलों में भी बारिश हो सकती है। वहीं, अगले 4 दिन तक आंधी, बारिश और ओले का दौर जारी रह सकता है।
भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक दिव्या ई सुरेंद्रन ने बताया कि "वेस्टर्न डिस्टरबेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से बारिश-ओले का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इस कारण प्रदेश में बारिश हो रही है। एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसका असर भी प्रदेश में देखने को मिलेगा।"
पिछले दिनों भोपाल में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश हुई थी। रतलाम, सागर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, विदिशा जैसे कई जिलों में भी भारी वर्षा हुई थी। गुना और रतलाम में ओले भी गिरे थे। दमोह और आलीराजपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 2 युवकों की मौत हो गई थी।
आगे भी 12 अप्रैल को भोपाल, विदिशा, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर, अशोकनगर, भिंड, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना और सागर जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति रहेगी। रायसेन, सीहोर, हरदा, शाजापुर, अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट और दमोह के लिए ऑरेंज अलर्ट है। यहां बारिश, ओले और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में रेड अलर्ट है, जहां हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा या इससे अधिक हो सकती है।
अप्रैल महीने में प्रदेश में आंधी-बारिश का ट्रेंड देखा जा रहा है। पिछले 10 साल में से 7 साल इस महीने में बारिश हुई थी। इस महीने भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल रहा है। पिछले 5 दिनों से पूरे प्रदेश में बादलों का आगमन हुआ है और इसके साथ ही बारिश, आंधी, आकाशीय बिजली की गरजना या चमकना, और ओलों का गिरना जारी है।












Click it and Unblock the Notifications