बुंदेलखंडः बियाबान जंगल का यह 'रानी महल', जल्द दुनिया के नक्शे पर दिखेगा, जानिए कहां मौजूद है यह किला
सागर, 7 सितंबर। बुंदेलखंड में जनजातीय राजा-रानियों की खंडहर हो रही विरासत को जल्द ही संरक्षित किया जाएगा। शुरुआत दमोह जिले के सिंगौरगढ़ स्थित वीरांगना दुर्गावती के रानीमहल से होगी। इंडियन आयल फाउंडेशन, आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, वन विभाग व जिला प्रशासन मिलकर इसे संरक्षित कर, रंग रोगन मरम्मत कर इसे टूरिस्ट प्लेस बनाने जा रहे हैं। बता दें कि बीते साल मार्च में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दमोह में इसके संरक्षण के काम का शुभारंभ किया था। उल्लेखनीय है कि दमोह में गौंड शासकों का शासन रहा है। इसमें वीरांगना दुर्गावती का सिंगौरगढ़ किला आज भी गौरवशाली गाथा का जीवंत व मूक गवाह है।

मप्र के दमोह जिले के जबेरा विकासखंड स्थित सिंग्रामपुर गांव के अधीन सिंगौरगढ़ का किला मौजूद है। कई सदियों से गौंड शासकों और वीरांगना दुर्गावती के किले और रानी महल यहां गौरवशाली इतिहास की गवाही दे रहे हैं। घने जंगलों के बीच पहाड़ी पर बहुत बड़े हिस्से में यह किला स्थित है। इसमें रिनोवेशन का काम किया जाना है। बीते साल मार्च में यहां आयोजित जनजातीय समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शिरकत की थी। उन्होंने इसके रिनोवेशन के लिए काम का शुभारंभ किया था, लेकिन कतिपय कारणों से यह काम प्रारंभ नहीं हो सकता था। अब इसका तेजी से काम कराया जाना है। इसकी टाइम लिमिट तय की गई है। इसमें सिंगौरगढ़ किले के आसपास डेवलपमेंट भी किया जाना हैं।

सभी विभागों को संयुक्त रुप से काम कराना है
कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य ने सिंगौरगढ़ किले के रिनोवेशन, संरक्षण के काम के लिए मीटिंग बुलाई थी। इसमें आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, इंडियन ऑयल फाउंडेशन, वन विभाग, पुरात्तव विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे। इसमें किले तक पहुंच मार्ग, लोगों को हिस्ट्री की जानकारी प्रदान करने साइन बोर्ड, दिशाबोर्ड, किलो को आकर्षक रूप से तैयार करने, रिनोवेट करने, मरम्मत कराने, कैसे-केसे कार्रवाई की जाना है, इसकी जानकारी देते हुए चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जल्द से जल्द काम प्रारंभ करेंगे, सभी विभाग एक-दूसरे से कोऑर्डिनेट करें। जहां भी शासन की एनओसी या अनुमति की आवश्यकता है, वह दी जाएं। सिंगौरगढ़ किलो को जल्द से जल्द टूरिस्ट स्पाॅट के रुप में विकसित किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications