सिंधिया के गढ़ में पहुंचे शाह, शिवपुरी से शुरू हुआ भाजपा अध्यक्ष का ग्वालियर-चंबल दौरा
ग्वालियर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का ग्वालियर-चंबल संभाग का दौरा मंगलवार को शुरू हो गया। ग्वालियर विशेष विमान से पहुंचे शाह यहां से शिवपुरी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के लिए रवाना हुए। इसके बाद वे गुना में रोड शो भी करेंगे। दोनों ही क्षेत्रों को कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ माना जाता है। शाह के दौरों को सफल बनाने के लिए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी पहले ही ग्वालियर में डेरा डाल चुके थे।

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों का औपचारिक ऐलान हो चुका है। बीजेपी राज्य में चैथी बार सत्ता पर काबिज होने के लिए हर संभव कोशिश में जुटी है। इसी के मद्देनजर बीजेपी अध्यक्ष राज्य का दौरा कर रहे हैं। मंगलवार को शाह ग्वालियर-चंबल में जनसभा को संबोधित करने के अलावा रोड शो भी करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को सुबह 11 बजे वायुयान से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचे जहां भाजपा नेताओं ने उनकी आगवानी की। वे यहां से हेलिकॉप्टर द्वारा शिवपुरी के लिए रवाना हुए और यहां पहुंचकर तात्याटोपे स्मारक पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे पोलोग्राउंड में ग्वालियर एवं चंबल संभाग के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाह दोपहर ढाई बजे गुना में रोड शो करेंगे। गुना से शाम को ग्वालियर पहुचेंगे और फूलबाग पहुंचकर रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। शाह छत्री स्थित राजमाता सिंधिया की छत्री पर भी पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। शाम साढ़े सात बजे युवा सम्मेलन होगा, इसे भी शाह संबोधित करेंगे।
पुलिस-प्रशासन सतर्क
शाह के दौरे को देखते हुए ग्वालियर और चंबल संभाग का प्रशासन सतर्क है। पुलिस भी अलर्ट है कि कहीं सामान्य और ओबीसी वर्ग के नाराज लोग शाह को काले झंडे न दिखा पाएं। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं को एससीएसटी एक्ट में संशोधन का विरोध झेलना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications