बीजेपी नेता उमा भारती ने मध्य प्रदेश में शराब दुकान पर पत्थर फेंककर बोतलें तोड़ीं, देखिए Video
भोपाल, 13 मार्च: मध्य प्रदेश सरकार की नई एक्साइज नीति पर बीजेपी के अंदर ही बवाल शुरू हो गया है और यह सड़कों पर उतर आया है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने रविवार को शराबबंदी अभियान की शुरुआत करते हुए एक शराब दुकान पर पत्थर फेंककर शराब की बोतलें तोड़ दी हैं। उनका यह पूरा सांकेतिक ऐक्शन कैमरे में कैद हो गया है और सोशल मीडिया से लेकर मेन स्ट्रीम मीडिया में यह खबर प्रमुखता से ली जा रही है। उमा भारती पहले से ही शराबबंदी का ऐलान कर चुकी थीं, लेकिन शिवराज सिंह सरकार ने शराबबंदी करने से उलट एक्साइज नीति में और ज्यादा छूट ही दे दी है।

उमा भारती ने शराब दुकान में बोतलें तोड़ीं
पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने रविवार को पत्थर फेंक कर भोपाल में एक शराब की दुकान में तोड़फोड़ की है। उमा भारती ने कैमरे की मौजूदगी में यह सब किया है। उमा भारती प्रदेश में शराबबंदी की मांग कर रही हैं और वह ऐलान कर चुकी थीं कि वो शराब दुकानों के बाहर प्रदर्शन करेंगी। पिछले साल ही उन्होंने कहा था कि 15 जनवरी तक राज्य में शराब बंदी लागू होगी या फिर 'लाठी लेकर सड़कों पर उतरेंगी।' लेकिन, उनकी डेडलाइन खत्म होने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने नई आबकारी नीति घोषित करके राज्य में शराब सस्ती कर दी थी।

नई शराब नीति से इसका कारोबार हुआ आसान
शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने विदेशी शराब पर उत्पाद शुल्क 10 से 13 फीसदी तक कम कर दिया है। शराब दुकानों को एक ही साथ विदेश और देसी दारू दोनों बेचने की अनुमति दे दी गई है। इस समय राज्य में 2,544 देशी और 1,061 विदेशी शराब की दुकानें हैं। शराब उत्पादकों को अंगूर के अलावा काले बेर से भी वाइन बनाने की अनुमति दी गई है। यही नहीं लोग अपने घरों में पहले से चार गुना ज्यादा शराब भी स्टॉक करके रख सकते हैं। जिन लोगों की सालाना आय 1 करोड़ रुपये और उससे ज्यााद है, वह अपने घर पर ही बार भी खोल सकते हैं।
Recommended Video

नई शराब नीति का विरोध कर रही हैं उमा
शिवराज सरकार के इस कदम की आलोचना करते हुए उमा भारती ने जनवरी में कहा था, 'जबतक मैं गंगा अभियान में लगी हुई थी, मध्य प्रदेश में पूर्ण शराब-नशा प्रतिबंध अभियान शुरू करने में कठिनाई थी। कुछ दिक्कतें तो अभी भी हैं। कोरोना के नए वेरिएंट के चलते जन सहभागिता नहीं हो सकती। इस अभियान में उन्हीं लोगों को ही हिस्सा लेना चाहिए जो राजनीतिक रूप से नहीं जुड़े हों। '

मुख्यमंत्री शिवराज की बढ़ेगी मुश्किल
उस समय बीजेपी नेता ने कहा था कि वो शराब के खिलाफ अपना अभियान 14 फरवरी को शुरू करेंगी और रविवार को उन्होंने काफी लोगों का नेतृत्व करते हुए अचानक सांकेतिक तौर एक शराब दुकान में पत्थर फेंककर इस अभियान का आक्रामक आगाज कर दिया। जाहिर है कि उमा भारती के इस तेवर से आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री की राजनीतिक परेशानियां बढ़ने की संभावना नजर आ रही है।
दुकानों में तोड़-फोड़ गलत- कांग्रेस नेता
उमा भारती के ऐसे ऐक्शन पर सोशल मीडिया में जबर्दस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इसपर राजनीतिक रोटियां भी सेंकी जाने लगी हैं। कांग्रेस नेता अशोक बसोया ने अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, 'यह तरीका गलत है। उमा भारती जी को अपनी भाजपा सरकार पर यह ईंट फेंकनी चाहिए। शराबबंदी के लिए दुकानों में तोड़फोड़ करना गलत है'












Click it and Unblock the Notifications