MP News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने निकाला अंबेडकर सम्मान मार्च
MP Congress News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर पर की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आज प्रदेश भर में अंबेडकर सम्मान मार्च का आयोजन किया।
राजधानी भोपाल में यह मार्च लिली टॉकीज चौराहा से लेकर जहांगीराबाद जिंसी चौराहा तक निकाला गया, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मार्च में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सीडब्लूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल समेत अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

दिग्विजय सिंह का बयान
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) हमेशा से दलितों, आदिवासियों, गरीबों और मध्यम वर्ग के विरोध में रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें हमेशा जनता को भ्रमित करने और ध्यान भटकाने का काम करती हैं, जबकि आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई बात नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की जा रही है और देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब का अपमान करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और अमित शाह को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

जीतू पटवारी का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी अपनी बात रखी और कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने 50 साल तक अपने मुख्यालय पर झंडा नहीं लगाया, यह उसकी विचारधारा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने बार-बार डॉ अंबेडकर की मूर्तियों और प्रतिमाओं को तोड़ने की घटनाओं को अंजाम दिया है। इन घटनाओं में भाजपा के कार्यकर्ताओं की भूमिका रही है। पटवारी ने यह भी कहा कि भाजपा की विचारधारा दलित, अंबेडकर और संविधान विरोधी है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस का संविधान और समानता पर जोर
जीतू पटवारी ने आगे कहा कि डॉ अंबेडकर ने संविधान में यह स्पष्ट किया था कि देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार, स्वतंत्रता और सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन भाजपा इस सिद्धांत पर सवाल उठाती रही है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी का रवैया संविधान और अंबेडकर के विचारों के खिलाफ है, और इसलिए कांग्रेस पार्टी इसकी घोर निंदा करती है।
कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा संसद और विधानसभा में मुद्दों से भटकाने का काम करती है। अडानी, मणिपुर और संभल जैसे गंभीर मुद्दों पर सदन में बहस की मांग को भाजपा द्वारा लगातार नकारा जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि डॉ अंबेडकर के समतामूलक सिद्धांतों और समानता की बात को भाजपा सहन नहीं कर पा रही है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. अंबेडकर के अपमान से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की मनुवादी मानसिकता उजागर हुई है।
मार्च में शामिल नेताओं की उपस्थिति
अंबेडकर सम्मान मार्च में कांग्रेस के कई प्रमुख नेता शामिल हुए, जिनमें फूलसिंह बरैया, आरिफ मसूद, आतिफ अकील, प्रवीण सक्सेना, अनोखी मानसिंह पटेल, विभा पटेल, संजीव सक्सेना, भोपाल के कांग्रेस के लोकसभा और विधानसभा प्रत्याशी, पूर्व महापौर, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications