MP News: इस शहर को मिली सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की सौगात, चंद रुपयों में होगा अच्छा इलाज
विकसित भारत के निर्माण के लिये स्वस्थ भारत जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। लेकिन इसके लिये केवल सरकार ही नहीं समाज को भी आगे आना होगा। आरोग्यधाम प्रकल्प वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ यह काम बखूबी ढंग से कर रहा है। यह बात केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आरोग्यधाम सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सालय के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन भी किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सह कार्यवाह हेमंत मुक्तिबोध, केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, दंगल टीवी प्रा.लि. के प्रबंध निदेशक मनीष सिंघल, तराणेकर स्मृति सेवा न्यास के अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता व आरोग्यधाम संचालन समिति के अध्यक्ष मनोज सिंघल मंचासीन थे।

ग्वालियर में गोले का मंदिर के समीप एमआईटीएस कॉलेज के सामने नर सेवा, नारायण सेवा के ध्येय को लेकर तराणेकर स्मृति सेवा न्याय द्वारा लगभग 500 करोड़ रूपए की लागत से लगभग 2 लाख वर्गफीट क्षेत्र में 500 पलंग के आरोग्यधाम सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सालय का निर्माण होने जा रहा है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा, खुशी की बात है कि, अद्भुत दिवस वर्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर "मरीज ही हमारे लिये भगवान हैं", की भावना के साथ तराणेकर स्मृति सेवा न्यास के तत्वावधान में समाज के सहयोग से आरोग्यधाम सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल का भूमिपूजन हुआ है। निश्चित ही यह प्रकल्प स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नई ऊँचाईयां प्राप्त करेगा। साथ ही इससे प्रेरणा लेकर अन्य प्रकल्प भी खड़े होंगे। उन्होंने सभी को गुड़ी पड़वा, नवरात्रि व वर्ष प्रतिपदा की बधाई एवं शुभकामनायें दीं। साथ ही इस अवसर पर सभी का आह्वान किया कि आप सब इस पवित्र प्रकल्प से जुड़ें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देकर अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित आरोग्यधाम सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सालय के निर्माण में सहयोगी बनें।
केन्द्रीय मंत्री चौहान ने आरोग्यधाम अस्पताल के निर्माण में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनिल ओक एवं तराणेकर जी के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया। केन्द्रीय मंत्री चौहान ने अपने उदबोधन की शुरूआत राम नाम मंत्र के जाप के साथ की। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों से भी राम नाम मंत्र का जाप कराया।
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने कहा कि, जो राष्ट्र स्वस्थ व शिक्षित मनुष्य तैयार करने में सक्षम होता है, उस राष्ट्र को आगे बढ़ने से विश्व की कोई शक्ति नहीं रोक सकती। आरोग्यधाम प्रकल्प उसी भाव के साथ मानव कल्याण व मानव सेवा में जुटा है। आरोग्यधाम चिकित्सालय केवल ग्वालियर - चंबल संभाग ही नहीं, उत्तरप्रदेश व राजस्थान के समीपवर्ती जिलों के लोगो को कम कीमत पर उच्च गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवायें मुहैया करा रहा है।
उन्होंने कहा कि, आरोग्यधाम सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सालय के निर्माण में उनकी ओर से हर संभव मदद मिलेगी। सिंधिया ने इस अवसर पर यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अमृतकाल से शताब्दीकाल की यात्रा पर है। इस यात्रा में हम सबको मिलजुलकर आत्मनिर्भर व विश्व गुरू भारत की आधारशिला रखनी है। सिंधिया ने कहा कि, यहाँ पर पहले भी एक अत्याधुनिक चिकित्सालय बनाने के प्रयास किए हुए थे, लेकिन कारणवश यह प्रयास पूरे नहीं हो पाए थे। खुशी की बात है आरोग्यधाम प्रकल्प इसे फलीभूत करने जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भेजा संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तराणेकर स्मृति सेवा न्यास द्वारा बनाए जा रहे आरोग्यधाम सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सालय के लिये अपना शुभकामना संदेश भेजा। भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का वाचन श्री मधुसूदन भदौरिया ने किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि, चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में तराणेकर स्मृति सेवा न्यास अग्रणी प्रकल्प के रूप में कार्य कर रहा है।
आरोग्यधाम चिकित्सालय ग्वालियर द्वारा विगत 14 वर्ष से समाज के सभी वर्गों को "उचित मूल्य - उच्च गुणवत्ता सिद्धांत" पर अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं, इससे चिकित्सालय ने समाज में विश्वास स्थापित किया है, यह एक सराहनीय पहल है।
उन्होंने आशा व्यक्त की है कि, आरोग्यधाम सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सालय चिकित्सा सुविधा के क्षेत्र में अपने सिद्धांतों के आधार पर सेवा देते हुए ग्वालियर ही नहीं, सम्पूर्ण प्रदेश व देश में अपनी विलक्षण पहचान का विस्तार करेगा। उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा है कि देश में शिक्षा व चिकित्सा का क्षेत्र व्यापक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चिकित्सा क्षेत्र में आयुष्मान योजना के अंतर्गत वरिष्ठ जन सहित सभी नागरिकों को अनेक सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ये भी पढ़े- Gwalior News: ग्वालियर में आएगी विकास की बहार, CM मोहन यादव हैं तैयार












Click it and Unblock the Notifications