भूख से तड़पकर हुई बुजुर्ग की मौत, 15 दिन से नहीं खाया था कुछ
आसपास के लोगों को कहना है कि वह बुजुर्ग शख्स करीब 15 दिनों से भूखा था। खाना न मिल पाने की वजह से उसकी मौत हो गई है।
टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में एक शख्स की भूख की वजह से मौत हो गई है। यह घटना टीकमगढ़ जिले के पठरा गांव की है। यह शख्स बहुत ही बुजुर्ग था जो अकेला रहता था। बताया जा रहा है कि उसके परिजन दिल्ली में मजदूरी करते हैं।

आसपास के लोगों को कहना है कि वह बुजुर्ग शख्स करीब 15 दिनों से भूखा था। खाना न मिल पाने की वजह से उसकी मौत हो गई है। वह बुजुर्ग चलने फिरने में भी असमर्थ था, जिसके चलते वह किसी से खाना मांग भी नहीं सका।
पड़ोसियों को बुजुर्ग की मौत का पता तब चला जब लाश बदबू मारने लगी। जैसे ही गांव वाले यह जानने के लिए पहुंचे कि आखिर क्या मामला है, जिसकी वजह से घर से इतनी बदबू आ रही है तो उन्होंने ग्रामीण की लाश देखी।
ग्रामीणों ने देर किए बिना 100 नंबर डायल किया और पुलिस को इस बात की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गांव वालों की मदद से उस बुजुर्ग शख्स का अंतिम संस्कार कराया गया।
सूचना पाकर मौके पर जतरा थाने की पुलिस पहुंची थी। गांव वालों के मुताबिक उन्होंने ग्रामीणों की उस बात को अनसुना कर दिया कि वह बुजुर्ग शख्स पिछले करीब 15 दिनों से भूखा था।

बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार
गांव वालों की बात सुने बिना ही उस शख्स का अंतिम संस्कार करा दिया गया। शव का पोस्टमार्ट भी नहीं कराया गया, ताकि मामले की जांच की जा सके कि आखिर उसकी मौत भूख से हुई या कोई और वजह थी।
वहीं दूसरी ओर जब पोस्टमार्टम न कराने की शिकायत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से की गई, तो उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि किसी बीमार बुजुर्ग शख्स की मौत हो गई है।
टीकमगढ़ में हुई इस घटना ने जहां एक ओर मानवता को कलंकित किया है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी एक प्रश्न चिन्ह लगा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications