केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की भोपाल में बैठक शुरू, दौरे पर कांग्रेस ने कसा तंज
भोपाल, 22 अगस्त। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज भोपाल दौरे पर हैं। यहां वे मध्य प्रदेश के क्षेत्रीय परिषद् की बैठक में शामिल हो रहे हैं। इस बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होने वाले थे, लेकिन भारी बारिश के चलते छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और यूपी के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का भोपाल दौरा रद्द हो गया है। ऐसे में अब दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्री वर्चुअली बैठक में जुड़े हैं। बैठक में नक्सलवाद, आतंकवाद, किसान कल्याण, महिलाओं और बच्चों पर अपराध, अनाज वितरण और साइबर अपराध पर चर्चा हो रही है।

बारिश के चलते फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी का कार्यक्रम स्थगित
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 3 बजे नेशनल फॉरेंसिंक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) का भूमि पूजन करने वाले थे। लेकिन मध्य प्रदेश में जारी भारी बारिश की वजह से यहां का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब यह कार्यक्रम रविंद्र भवन में होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शाम करीब 5 बजे केंद्रीय गृहमंत्री रविन्द्र भवन से विधानसभा पहुंचेंगे। यहां वो कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भारत की नई शिक्षा नीति के सेमिनार में भाग लेंगे।
गृहमंत्री के दौरे पर कांग्रेस ने कसा तंज
इधर, केंद्रीय गृहमंत्री के भोपाल दौरे पर कांग्रेस ने तंज कसा है। कांग्रेस मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश के विकास की हकीकत जानने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री को शहर में घूमना चाहिए। बारिश की वजह से आधे से ज्यादा शहर की बिजली गुल हैं और लोगों के घरों में पानी भरा है। वहीं, कई सड़के भी डूब गईं हैं।
भारी बारिश से भोपाल में ताबाही
मध्य प्रदेश में हर जगह बारिश ने हाहाकार मचा रखा है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। राजधानी भोपाल में तेज हवा के साथ बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है है। निचली बस्तियों में जलभराव हो गया है। बड़े तालाब में भी जलस्तर बढ़ता जा रहा है। वहीं, बड़े तालाब में विचरण करने वाला क्रूज़ भी डूब गया है।
ये भी पढ़ें- C-MART में बिकेगा महिला समूहों द्वारा बनाया गुलाब जल, तुलसी और गौअर्क, नए उत्पाद के मिल रहा लाभ












Click it and Unblock the Notifications