रायसेन : बच्चों के झगड़े में फायरिंग से 50 लोग घायल, एक युवक की मौत
रायसेन, 19 मार्च। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सिलवानी पुलिस थाना इलाके प्रतापगढ़ जैथारी के पास ग्राम खमरिया पौड़ी में बच्चों के झगड़े में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पत्थरबाजी और आगजनी के चलते 50 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 35 लोगों को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पूरे घटनाक्रम में एक व्यक्ति की मौत हुई है। खूनी संघर्ष के चलते इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। घटनास्थल पर आस-पास के चार थानों की पुलिस को तैनात करना पड़ा है। मध्य प्रदेश सीएम शिवराज सिंह चौहान भी भोपाल के हमीदिया अस्पताल पहुंचे और घायलों के हाल जाने। मुख्यमंत्री ने घायलों से की बातचीत कर परिजनों से भी भेंट की। उन्होंने कहा है कि घटना के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात आदिवासी समाज के दो लड़के गली से निकल रहे थे। समुदाय विशेष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई और सामने वाले पक्ष ने हाथ उठा दिया। इसके बाद आदिवासी लड़कों ने 5-6 दोस्तों को बुला लिया। फिर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, लेकिन बड़े-बुजुर्गों ने मामला संभालते हुए राजीनामा करवा दिया। हालांकि तब तक दोनों तरफ के सैकड़ों लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच चुके थे।
इसके बाद आदिवासी समाज के लोगों ने आरोपी और उसके 3 बेटों की दुकान और 5 बाइकों को आग लगा दी। जवाब में आरोपी ने कई फायर कर दिए। छर्रे लगने से आदिवासी समाज के 50 लोग घायल हो गए। घटना के बाद रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications