वाराणसी के हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय को 1 करोड़ रुपए देगी योगी सरकार
वाराणसी, 08 अगस्त: यूपी की योगी सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में हॉकी में कांस्य पदक जीतने पर उत्तर प्रदेश के ललित उपाध्याय को एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देने का निर्णय किया है। रविवार को उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि अगर उत्तर प्रदेश से खिलाड़ी खेलने के लिए भी जाते हैं तो उनको भी सरकार 12 लाख रुपए देगी।

वाराणसी के ललित ने जीत में निभाई अहम भूमिका
बता दें, वाराणसी के हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में जीत में अहम भूमिका निभाई है। चार दशक के बाद हॉकी में टीम इंडिया को ओलंपिक का पदक मिला है। बीते गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक के प्ले ऑफ मुकाबले में टीम इंडिया ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। भारतीय पुरुष टीम की कड़ी मेहनत इस ऐतिहासिक जीत में सफलता का राज बनी। मुख्य रूप से फॉरवर्ड और मिडफील्ड से खेलने वाले ललित उपाध्याय ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई है।
जीत के पीछे कई सालों की मेहनत
ललित ने एक इंटरव्यू में कहा कि कोई चमत्कार या जादू नहीं है जो अचानक हो गया। इसके पीछे कई सालों की मेहनत है, जो टीम आज आस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी टीमों को हराकर पदक तक पहुंची है। हॉकी इंडिया का बहुत बड़ा योगदान है। जिस तरह से पिछले कुछ वर्षों से इंडिया ने हॉकी को व्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया है, उसी का परिणाम यह पदक है।












Click it and Unblock the Notifications