'चुनाव की तैयारी करें, आपका टिकट कंफर्म है', प्रियंका ने यूपी के 50 नेताओं को फोन पर बोली ये बात
लखनऊ, 21 जून: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। सत्ता में काबिज भाजपा एक बार फिर यूपी में सरकार बनाना चाहती है तो वहीं तीन दशक से सूबे की सत्ता से बाहर कांग्रेस पार्टी सत्ता पाने के लिए पूरा जोर लगा रही है। यूपी में कांग्रेस के सियासी वनवास को खत्म करने के लिए कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाल लिया है।
Recommended Video

प्रियंका ने किया फोन- तैयारी करें, आपका टिकट कंफर्म
'आजतक' की खबर के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के तकरीबन 50 नेताओं को खुद फोन किया है और चुनाव लड़ने के लिए कहा है। प्रियंका ने साफ कह दिया है कि चुनाव की तैयारी करें, आपका टिकट कंफर्म है। इसी के साथ 2017 में जीते 7 में से 5 विधायकों को भी चुनाव लड़ने की हरी झंडी मिल गई है। कांग्रेस ने अगले दो महीनों में यूपी की 200 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल करने का टारगेट रखा है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जोन वाइज बैठक कर प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रियंका ने कहा- अपने क्षेत्र पर रखें पूरा फोकस
प्रियंका ने सभी नेताओं से पूरा फोकस अपने क्षेत्र पर रखने और लोगों की ज्यादा से ज्यादा मदद करने को कहा है। प्रियंका ने नेताओं से कहा कि हर किसी के सुख-दुख में शामिल हों और उन्हें सरकार की खराब नीतियों के बारे में बताएं। 'आजतक' ने सूत्रों की हवाले से लिखा है कि प्रियंका ने शामली से पंकज मालिक, पुरकाजी से दीपक कुमार, बेहट से नरेश सैनी, सहारनपुर से मसूद अख्तर, विलासपुर से संजय कपूर, चमरौआ से यूसुफ अली तुर्क, इलाहाबाद से अनुग्रह नारायण, पिंडरा से अजय राय, मड़िहान से ललितेश त्रिपाठी, जैदपुर से तनुज पुनिया सहित कई दिग्गज नेताओं को खुद फोन किया है।
कांग्रेस नेताओं कहा- तैयारी के लिए मिला अधिक समय
कांग्रेस यूपी प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि उन्हें प्रियंका गांधी ने चुनाव लड़ने के लिए मौखिक तौर पर बोला है। वीरेंद्र चौधरी का कहना है कि पिछले चुनाव में तैयारियों का वक्त कम मिल पाया था, इसके बावजूद वह 70 हजार से ज्यादा वोट लेकर आए थे और महज 1200 वोटों से चुनाव हारे थे। इस बार अधिक समय है। ज्यादा से ज्यादा समय क्षेत्र में रहने और चुनाव तैयारी करने को मिलेगा। वहीं, पश्चिम यूपी के शामली के कांग्रेस नेता पंकज मालिक ने भी स्वीकार किया है कि प्रियंका गांधी ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए बोल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications