दूधिया रोशनी में नहाने को बेताब हैं यूपी के 65 गांव

समग्र गांवों को सौर ऊर्जा से चमकाने के लिए वित्तवर्ष 2013-14 में डॉ. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना के तहत मंडल के गोंडा जिले में 37 व बलरामपुर में 28 गांवों का चयन किया गया। उत्तर प्रदेश नवीन व नवीनीकरण ऊर्जा अभिकरण नेडा ने सार्वजनिक स्थलों पर जनपद में 362 व बलरामपुर में 218 सोलर लाइट का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
सोलर लाइट की स्थापना पर आने वाले खर्च में केंद्र व राज्य सरकारों की बराबर की भागीदारी रहती है। सूत्र बताते हैं कि 2 मई को उप्र की राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी थी, मगर चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण उस समय केंद्र सरकार की स्वीकृति नहीं मिल पाई थी।
केंद्र में नई सरकार बनने के बाद नेडा विभाग की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास है। ऐसे में लगभग 65 गांवों के एक लाख से ऊपर की आबादी अब केंद्र सरकार से आस लगाए बैठी है।
इस बाबत नेडा के पीओ अजय कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वीकृति न मिलने के कारण समग्र गांवों में सोलर लाइट की स्थापना नहीं की जा सकी है। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी, तुरंत स्थापना कराई जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications