योगी सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हनुमान मिश्रा का निधन, कोविड प्रोटोकॉल के तहत होगा अंतिम संस्कार
लखनऊ, अप्रैल 20: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हनुमान स्वरूप मिश्रा मंगलवार को निधन हो गया है। वह लखनऊ के एसजीपीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। कुछ दिनों पहले तबीयत बिगड़ने पर उन्हें यहां भर्ती कराया गया था। हनुमान मिश्रा लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। परिजनों का कहना है कि उन्हें कोरोना के लक्षण थे। हालांकि, उन्हें कोरोना था या नहीं, इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है। हनुमान मिश्रा के भाई किशन ने बताया कि कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Recommended Video
हनुमान मिश्रा बीजेपी के कद्दावर नेता माने जाते थे। वह बीजेपी नेता श्याम बिहारी मिश्रा के भतीजे थे। पिछले साल दिसंबर में ही हनुमान मिश्रा प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन की प्रबंध समिति के चुनाव में सभापति चुने गए थे। इस चुनाव के साथ शीर्ष सहकारी संस्थाओं में से एक और पर सपा का कब्जा समाप्त हो गया था। प्रबंध समिति के सभापति हनुमान स्वरूप मिश्रा कानपुर मंडल से संचालक चुनकर आए थे।
हनुमान मिश्रा का परिवार पिछले लगभग पांच दशकों से भाजपा संगठन से जुड़ा रहा है। हनुमान मिश्रा उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता और चार बार के सांसद रह चुके व्यापारी नेता श्याम बिहारी मिश्रा के भतीजे थे। उनका घर कानपुर के आचार्य नगर में है। हनुमान मिश्रा विद्यार्थी परिषद भारतीय जनता पार्टी के कई पदों पर पदाधिकारी भी रह चुके थे। उन्होंने बजरंग दल के संयोजक के रूप में भी कई वर्षों तक कार्य किया। डीएवी कॉलेज के छात्र संघ चुनाव से लेकर विद्यार्थी परिषद, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच, हिंदू कल्याण समिति ऐसे तमाम संगठनों से जुड़े रहे। कुछ माह पहले ही उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम विभाग से संबंधित उन्हें दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री के पद से नवाजा गया था।












Click it and Unblock the Notifications