लगता है राहुल गांधी अकेले ही करेंगे 'भारत जोड़ो यात्रा',गुलाम नबी के कांग्रेस से इस्तीके बाद केशव मौर्य का तंज
लखनऊ, 26 अगस्त: वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से लेकर सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। आजाद ने कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी को 5 पन्नों का इस्तीफा भेजा है। इस इस्तीफे में आजाद ने राहुल गांधी समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर तंज कसा है। केपी मौर्य ने एक ट्वीट में लिखा, अब कांग्रेस से आज़ाद हुए श्री गुलाम नबी आज़ाद। लगता है कि श्री राहुल गांधी जी अकेले ही करेंगे "भारत जोड़ो यात्रा!"।

'भारत जोड़ो यात्रा' से पहले कांग्रेस को जोड़ने की कवायद की जानी चाहिए थी
गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी को लिखे पांच पन्ने के इस्तीफे में राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संघर्ष और सही दिशा में लड़ाई लड़ने की इच्छाशक्ति खो दी है। ऐसे में भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेस को देशभर में जोड़ने की कवायद की जानी चाहिए थी। आजाद ने लिखा, दुर्भाग्य से जब से पार्टी में राहुल गांधी की एंट्री हुई और खासतौर से 2013 में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने, तब से उन्होंने पार्टी में बातचीत का पूरा खाका ही ध्वस्त कर दिया है।
'मैं जम्मू-कश्मीर जा रहा हूं और अपनी नई पार्टी बनाऊंगा'
आजाद ने कहा कि राहुल के नेतृत्व में पार्टी के सभी वरिष्ठ अनुभवी नेताओं को कांग्रेस में पूरी तरह से साइडलाइन कर दिया गया। अनुभवहीन नेता पार्टी के मामले देखने लगे। इसके बाद से लगातार कांग्रेस को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। 2014 से लेकर अभी तक कांग्रेस दो लोकसभा चुनाव हार चुकी है। इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में गुलाम नबी आजाद ने कहा, मैं व्यक्तिगत तौर पर गांधी परिवार का सम्मान करता हूं। मैं कांग्रेस के पतन की बात कर रहा हू्ं। आजाद ने नई पार्टी बनाने का ऐलान करते हुए कहा, विरोधियों ने मेरे बारे में अफवाहें फैलाईं। मैं जम्मू-कश्मीर जा रहा हूं और अपनी नई पार्टी बनाऊंगा। आजाद ने बीजेपी में शामिल होने की खबरों का भी खंडन कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications