10 लाख से ज्यादा प्रवासी मजदूरों के बैंक खातों में CM योगी ने भेजे 104.82 करोड़ रुपए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रवासी मजदूरों के बैंक खातों में शनिवार को डीबीटी के माध्यम से 1000-1000 रुपए की धनराशि भेजी दी है। यह धनराशि डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के तहत 10 लाख 48 हजार प्रवासी मजदूरों के बैंक खातों में सीएम ने खुद बटन दबाकर भेजे। इस योजना के तहत कुल 104 करोड़ 82 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। बता दें, लॉकडाउन बढ़ने के साथ तीन महीने तक 1000-1000 हजार रुपए श्रमिकों के बैंक खातों में डालने का फैसला आपदा राहत सहायता योजना के तहत प्रदेश सरकार ने लिया था।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कई मजदूरों से बातचीत भी की। सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि क्वारंटाइन पूरा करने के बाद उन्हें कार्य भी दिया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 35 लाख कामगारों और श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने और सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया। लॉकडाउन शुरू होते ही रोज 12 से 15 लाख लोगों तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
सीएम ने कहा कि इसी कड़ी में प्रदेश के 35 लाख प्रवासी कामगारों और श्रमिकों में राशन किट उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें 1000 रुपए भत्ता उपलब्ध कराने का कार्य हो रहा है। सीएम ने कहा कि पहले चरण में 10,48,166 प्रवासी मजदूरों को 1000 रुपए सीधे बैंक में ट्रांसफर किए जा रहे हैं। बाकी के भी जल्द से जल्द बैंक एकाउंट डिटेल जुटाने का काम हो रहा है। सीएम ने कहा कि हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन टीम वर्क के परिणाम सामने आए हैं। सबसे ज्यादा प्रवासी मजदूर उत्तर प्रदेश में आए लेकिन कहीं भी असुविधा नहीं हुई।
सीएम ने कहा हमारा दायित्व है कि सभी प्रवासियों को रोजी-रोटी से जोड़ सकें। इनकी स्किल मैपिंग का काम हो चुका है, जनपद स्तर पर मुस्तैदी के साथ रोजगार से जोड़ने का काम किया जा रहा है। जॉब कॉर्ड के अलावा स्किल के अनुसार जिला प्रशासन इनके रोजगार की व्यवस्था कर रहा है। यही नहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीब अनाथ बच्चों की सुधि ली है। मुख्यमंत्री ने बाल श्रमिक विद्या धन योजना का शुभारंभ किया है। इसके तहत सरकार इन बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी। साथ ही हर माह 1000 से 1200 रुपए देगी।












Click it and Unblock the Notifications