UP BJP अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पंचायती राज मंत्री पद से दिया इस्तीफा, PM और CM योगी का जताया आभार
लखनऊ, 30 अगस्त: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद भूपेंद्र चौधरी ने पंचायती राज मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। भूपेंद्र चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना इस्तीफा सौंपा है। भूपेंद्र चौधरी ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व के सम्यक निर्वहन के लिए मंत्रिमंडल से त्यागपत्र दिया। उन्होंने अपने प्रथम और द्वितीय कार्यकाल में क्रमशः राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा कैबिनेट मंत्री, के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा का अवसर प्रदान करने तथा समय- समय पर दिए गए निर्देशों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उन्होंने अनेक अवसरों पर प्रेरणादाई मार्गदर्शन व आशीर्वचन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार जताया है।

भूपेंद्र चौधरी को सौंपी गई है यूपी बीजेपी अध्यक्ष की कमान
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष की कमान भूपेंद्र चौधरी को सौंपी गई है। बीजेपी में एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के तहत भूपेंद्र चौधरी ने योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। चौधरी का पूरा फोकस अब 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने पर होगा।
भूपेंद्र चौधरी ने एक स्थानीय कार्यकर्ता के तौर पर बीजेपी में कार्यभार संभाला था और अब वे प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंचे हैं। सोमवार को ही भूपेंद्र चौधरी ने लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला है। कार्यभार संभालने के बाद भूपेंद्र चौधरी ने कहा था कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय का कोई विवाद नहीं है। संगठन ने सरकार बनाई है और सरकार संगठन के एजेंडे पर ही चल रही है।
बता दें, भूपेंद्र चौधरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के 14वें प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय निकाय और लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत सीटें जिताने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के एजेंडे के आधार पर ही सबकुछ होगा।












Click it and Unblock the Notifications