भाजपा की समीक्षा बैठक को अखिलेश ने बताया ढोंग, कसा ये तंज
लखनऊ, 29 जुलाई: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में यूपी के भाजपा सांसदों की बैठक जारी है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर तंज कसा है। अखिलेश ने इस समीक्षा बैठक को भाजपा का ढोंग बताते हुए कहा, ''जिन्होंने ये कहा था कि उप्र के युवा इसलिए बेरोजगार हैं क्योंकि वो योग्य नहीं हैं, आज उनको खुद ही अपनी योग्यता व प्रदर्शन के लिए 'इंटरव्यू' देना पड़ेगा, लेकिन हो सकता है परीक्षाओं का पर्चा लीक करानेवालों को प्रश्न पहले से ही पता हों और उत्तर भी।''

सांसदों को सौंपी गई यूपी में फतह की जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में आगमी विधानसभा चुनाव में जीत की जिम्मेदारी प्रदेश के सांसदों को सौंपी गई है। इसके तहत सांसद अपने क्षेत्र का दौरा कर केंद्र व प्रदेश सरकार के कामों को जनता को याद दिलाएंगे। पार्टी नेतृत्व ने कहा है कि विधायक 2022 की परीक्षा में जाएंगे व उन्हें पास कराने की जिम्मेदारी सांसदों की होगी।
भाजपा अध्यक्ष ले रहे बैठक
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार रात दिल्ली में बैठक की। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ ब्रज, पश्चिम व कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा सांसद मौजूद रहे। इन सांसदों को अपने क्षेत्र के सामाजिक सरोकारों के साथ चुनाव का एजेंडा सौंपते हुए विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा गया है।
अखिलेश यादव ने किया कटाक्ष
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भी इस मामले में कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया कि भाजपा अपने उत्तर प्रदेश के सांसदों से यूपी की दुर्दशा व दुर्गति का हाल दिल्ली बुलाकर पूछ रही है, इससे पता चलता है कि दिल्ली तथा लखनऊ में कितनी दूरी है। भाजपा चाहे कितनी भी बैठकें कर ले पर अब जनता इन्हें उठाकर और हटाकर ही दम लेगी। आकलन बाद में और (झूठी) तारीफ पहले, वाह रे भाजपा!












Click it and Unblock the Notifications