यूपी के पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी पर राजद्रोह का केस दर्ज, योगी सरकार पर की थी टिप्पणी
लखनऊ, 06 सितंबर: उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी के खिलाफ यूपी पुलिस ने राजद्रोह का केस दर्ज किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी के मामले में यह एफआईआर दर्ज की गई है। रविवार को कुरैशी के खिलाफ यह कानूनी कार्रवाई की गई है। रामपुर जिले के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में बीजेपी नेता आकाश सक्सेना की शिकायत पर अजीज कुरैशी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद अजीज कुरैशी ने कहा, 'मुझे राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने और जनता को गुमराह करने के लिए मेरे शब्दों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। मैंने कहा था कि पहले के दिनों में आज की तरह इतने अत्याचार नहीं हुए। मैंने किसी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की।'

कुरैशी ने यूपी सरकार की तुलना 'शैतान और खून चूसने वाले राक्षस' से की थी
बीजेपी नेता आकाश सक्सेना ने अपनी शिकायत में कहा कि अजीज कुरैशी पूर्व मंत्री आजम खान के घर उनकी पत्नी और रामपुर की विधायक तंजीम फातिमा से मिलने गए थे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार की तुलना 'शैतान और खून चूसने वाले राक्षस' से की थी। पुलिस के मुताबिक, आकाश सक्सेना ने अपनी शिकायत में कहा है कि कुरैशी का विवादित बयान दो समुदायों के बीच तनाव पैदा कर सकता है और सांप्रदायिक दंगा भी भड़क सकता है।
बीजेपी नेता की शिकायत पर दर्ज किया गया केस
बीजेपी नेता की शिकायत पर पूर्व राज्यपाल पर राजद्रोह (124ए), धर्म, जातियों के बीच वैमनस्य को बढ़ाने के आरोप में धारा 153 ए और राष्ट्रीय एकता और अखंडता के खिलाफ बयान को लेकर 153 बी के तहत केस दर्ज किया गया है। जनता के बीच भ्रम और दहशत फैलाने के आरोप में आईपीसी की धारा 505 (1) (बी) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
केशव मौर्य ने कहा- जो अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करेगा उसपर कार्रवाई होगी
यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा, जो अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करेगा उसपर कार्रवाई होगी। आजम खान के खिलाफ कार्रवाई कानून के अनुसार हो रही है। सरकार का पक्ष और पुलिस का पक्ष कोर्ट के सामने रखा गया है। किसी को सरकार से शिकायत है तो कोर्ट सरकार से ऊपर है। कोर्ट में अपनी बात जाकर रखें और गलत बयानबाजी करना बंद करें।












Click it and Unblock the Notifications