लखनऊ में 10 जुलाई तक धारा 144 लागू, कोविड और त्योहारों के मद्देनजर जारी किया गया आदेश
लखनऊ, 09 जून: कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और आगामी त्योहारों के मद्देनजर संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) पीयूष मोर्डिया ने लखनऊ कमिश्नरेट में 10 जुलाई तक सीआरपीसी की धारा 144 लागू करने का आदेश दिया है। उधर, कानपुर में भी धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आगामी त्योहारों को देखते हुए कानपुर में धारा 144 लागू रखने का फैसला लिया। यह फैसला जुमे की नमाज से ठीक एक दिन पहले लिया गया है। इस दौरान शहर में सभी प्रकार के धरना प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। जेपीसी आनंद प्रकाश तिवारी ने इसका आदेश जारी किया है।

कानपुर में जुमे की नमाज के बाद हुई थी हिंसा
कानपुर में बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हिंसा हुई थी। इस मामले में अब तक 55 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कानपुर में हिंसा के बाद से सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। उपद्रवियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने कानपुर हिंसा को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले एक युवक को गुरुवार को गिरफ्तार किया है।
धर्म विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर युवक गिरफ्तार
कानुपर पश्चिम क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि शहर के शास्त्री नगर इलाके के निवासी गौरव राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। वह कानपुर स्टार्ट टाइम नाम से एक वेब पोर्टल चलाता है। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, गौरव ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर एक धर्म विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसकी जानकारी मिलते ही काकादेव पुलिस ने उसके खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट भी डिलीट करा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications