राहुल गांधी ने योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- बेटी बचाओ या अपराधी बचाओ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार योगी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साध रहे हैं। रविवार को राहुल गांधी ने एक खबर को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा। इस खबर में दावा किया गया कि भाजपा के एक विधायक और उनका बेटा महिला से छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस हिरासत से ले गए। राहुल गांधी ने ट्वीट में कहा, "अभियान की शरुआत कैसे हुई: बेटी बचाओ, क्या चल रहा : अपराधी बचाओ।" कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्वीट में कहा, "क्या यूपी के सीएम बताएंगे कि यह किस 'मिशन' के तहत हो रहा है? बेटी बचाओ या अपराधी बचाओ?"
Recommended Video

राहुल-प्रियंका ने मीडिया रिपोर्ट को किया शेयर
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने मीडिया में छपी उस रिपोर्ट को शेयर करते हुए यूपी सरकार पर निशाना साधा है, जिसमें ये दावा किया गया कि भाजपा नेता ने अपने बेटे के साथ थाने पर धावा बोला और महिला से छेड़छाड़ के आरोपी को छुड़ा कर ले गए। प्रियंका के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता विजय बहादुर पाठक ने ट्वीट करते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बनाने के लिए प्रियंका गांधी राज्य की घटनाओं को लेकर सरकार पर हमलावर हैं, लेकिन जिस तरह से महिला सशक्तीकरण और राज्य में विकास की रूपरेखा और बेरोजगारों को रोजगार देने का काम हो रहा है, उस पर उनकी नजर नहीं जाती है।'
कानून-व्यवस्था को लेकर हमलावर है विपक्ष
बता दें, उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित युवती से कथित गैंगरेप और हत्या के मामले को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी खुद हाथरस पहुंचे थे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। इसके बाद विपक्षी दलों के कई नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। बीते शुक्रवार को बलिया में भाजपा विधायक के करीबी धीरेंद्र सिंह ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिए विपक्षी दल योगी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। बता दें, हाथरस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। वहीं, बलिया हत्याकांड का मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications