आगरा में जहरीली शराब से हुई मौतों पर बोलीं प्रियंका- शराब माफियाओं पर क्यों मेहरबान है भाजपा सरकार?
आगरा, 27 अगस्त: उत्तर प्रदेश में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने भाजपा सरकार पर शराब माफियाओं पर मेहरबान होने का भी बड़ा आरोप लगाया है। बता दें, बीते दिनों ताजनगरी आगरा में जहरीली शराब के सेवन से 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Recommended Video

प्रियंका ने पूछा- शराब माफियाओं पर क्यों मेहरबान है भाजपा सरकार?
प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को ट्वीट किया, 'आगरा में जहरीली शराब से 13 मौतें हो गईं। इस साल उप्र में जहरीली शराब से लगभग 200 मौतें हो चुकी हैं।' प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शराब माफिया जहरीली शराब का खुलेआम धंधा कर रहे हैं, पत्रकारों व पुलिस पर हमला बोल रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं। उन्होंने पूछा कि शराब माफियाओं पर क्यों मेहरबान है भाजपा सरकार? आगरा में जहरीली शराब के सेवन से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। एक युवक अस्पताल में भर्ती है। इस मामले में शराब ठेकों के मालिक और सेल्समैन के खिलाफ तीन थानों में 9 गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
प्रियंका ने कहा- आखिर कब तक सरकार अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालेगी?
बता दें, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को लगातार घेरने में जुटी हैं। इससे पहले उन्होंने किसानों के मुद्दों और कैग रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश के कई विभागों में हुए घोटालों को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा था। प्रियंका ने गुरुवार को ट्वीट किया था, 'कैग रिपोर्ट ने उप्र सरकार के कई विभागों में हजारों करोड़ के घोटाले उजागर किए हैं। आखिर कब तक सरकार अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालेगी? उप्र की जनता के हजारों करोड़ घोटालों की भेंट चढ़ गए और सरकार के पास कोई जवाब ही नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications