नरेन्द्र मोदी ने जनता से झूठे वादे कर विश्वास जीता: मुलायम
सैफई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी साहब ने देश की जनता से जो भी वादे किए थे उनमें से आज तक एक भी वादे को अभी तक पूरा नहीं किया गया है। भाजपा सरकार ऐसे काम कर रही है जो उसके चुनावी घोषणा पत्र में नहीं थे। प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि दिल्ली में इंडिया गेट इलाके में झाड़ू लगाने से कुछ नहीं होगा। मोदी जी को पता नहीं है कि देश में सबसे ज्यादा गंदगी गांवों में है, इसलिए उन्हें गांवों की नालियों को साफ करना चाहिए और घर-घर शौचालय बनवाने की मुहिम चलानी चाहिए।

सपा प्रमुख ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि गंदगी दूर कीजिए। लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि गंदगी कहां हैं और कैसे होती है। मोदी जी सफाई के नाम पर नाटक कर रहे हैं। मुलायम सिंह यादव सोमवार को यहां चल रहे 17वें रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव में पंचायतीराज विभाग और सहकारिता विभाग की तरफ से आयोजित पंच एवं सहकारिता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। श्री यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी हमेशा झूठ बोलते हैं। लोकसभा चुनाव में मोदी जी ने झूठे वादे करके देश की जनता का विश्वास जीता। जनता के सामने मोदी जी की पोल अब खुलने लगी है।
सात महीने से ज्यादा समय हो गया लेकिन आज तक मोदी सरकार ने जनता के हित में कोई काम नहीं किया है। लोकसभा चुनाव में मोदी जी ने सरकार बनने पर 100 दिन में काला धन वापस लाने और पांच करोड़ युवाओं को नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन उनके सभी वादे हवा-हवाई होकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें अगर ठीक से काम करें, सरकारी धन का सही तरीके से इस्तेमाल हो तो देश की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है। गांवों की तरक्की के बिना देश का विकास नहीं होगा। लोकतंत्र में ग्राम पंचायतों और सहकारिता का बहुत महत्व है। इनकी अनदेखी करके देश को ताकतवर नहीं बनाया जा सकता है। गांवों के प्रधान, बीडीसी मेंबर, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष ईमानदारी से काम करने लगें तो हिन्दुस्तान की खुशहाली को कोई रोक नहीं सकेगा।
लोकसभा चुनाव में बीजेपी और आरएसएस ने किया झूठा प्रचार
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी और आरएसएस ने झूठा प्रचार किया कि अगर मुलायम सिंह की पार्टी जीती तो देश में मुसलमानों का राज आ जाएगा और अगर मोदी जीते तो हिन्दुओं का राज आ जाएगा। लोग बीजेपी और आरएसएस के बहकावे में आ गए। उन्होंने कहा कि हमने और समाजवादी पार्टी ने कई बार बड़े-बड़े झटके झेले हैं, हम इस झटके को भी झेल जाएंगे। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी और ताकतवर होकर उभरेगी। श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है लेकिन सरकार की उपलब्धियों का ठीक ढंग से प्रचार नहीं हो सका, इसका भी लोकसभा चुनाव में असर पड़ा। समाजवादी पार्टी झूठ नहीं बोलती है। हमने जनता से जो भी वादे किए उन्हें पूरा किया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे तब बहुत दुख होता है जब कहा जाता है कि चुनाव में केवल मुलायम सिंह का परिवार जीता, पार्टी का कोई और उम्मीदवार नहीं जीता। पूर्वांचल को लेकर मेरे दिल में हमेशा एक खास जगह रही। लेकिन आजमगढ़ में मैं चुनाव हारते-हारते बचा। वहां पर रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव और बाहर के हमारे कई जानने वालों ने दिन-रात मेहनत की। तब मैं चुनाव जीत सका। अगर मैं पूर्वांचल खासकर आजमगढ़ के नेताओं के भरोसे रह गया होता तो चुनाव नहीं जीत पाता। हमारे लोगों को सोचना होगा कि जब अखिलेश यादव की सरकार अच्छा काम कर रही है तो जनता ने हमारी पार्टी को वोट क्यों नहीं दिया। जाहिर है कि जनता में कहीं न कहीं नाराजगी है। हम लोगों को जनता की नाराजगी दूर करनी होगी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवदी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि जनसेवा में दिक्कतें आती हैं लेकिन उनसे घबराना नहीं चाहिए। सन् 1977 में उत्तर प्रदेश में जनता पार्टी की सरकार बनने पर अगर मुलायम सिंह यादव सहकारिता मंत्री न बनते तो देश के सबसे बड़े सूबे से सहकारिता आंदोलन खत्म हो जाता। पहले सहकारिता में बहुत भ्रष्टाचार था। सहकारी समितियों के सचिव किसानों के नाम पर फर्जी लोन करवा देते थे। किसान को कुछ पता नहीं होता था। बाद में कर्ज न चुकाने पर किसान की जमीन और घर नीलाम हो जाता था। मुलायम सिंह जब सहकारिता मंत्री बने थे तो उन्होंने भ्रष्टाचार को खत्म के लिए कई कदम उठाए। धोखा-धड़ी करने वाले सैकड़ों-हजारों सहकारी समितियों के सचिवों को नौकरी से बर्खास्त किया।
लेकिन बाद में राज्य में बीजेपी और बीएसपी की सरकार बनने पर सहकारिता आंदोलन फिर तबाह हो गया। मैं उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री शिवपाल यादव को बधाई देता हूं कि उन्होंने सहकारिता आंदोलन को आगे बढ़ाने का काम किया है। यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि देश में पंचायतीराज व्यवस्था सबसे पहले इटावा के महेवा ब्लॉक में लागू हुई थी। पंचायतीराज व्यवस्था आज भ्रष्टाचार के मकड़जाल में फंस गयी है। प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी मिलकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। मनरेगा और प्राथमिक विद्यालयों में चलने वाली मिड-डे मील योजना इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। प्रदेश में हजारों स्कूल ऐसे हैं जो बंद हैं, लेकिन कागजों में वहां रोजाना सैकड़ों बच्चों के लिए खाना बनता है।
अदिकारी जब ग्राम प्रधान पर कार्रवाई करते हैं तो हमसे उन्हें बचाने की सिफारिश की जाती है। ऐसे लोगों को कतई बचाया नहीं जाना चाहिए। उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए। हम सभी लोगों को मिलकर भ्रष्टाचार को रोकना होगा। स्कूल प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी सस्ते राशन की दुकानों के डीलर से मिलकर पूरा राशन मार्केट में बेच देते हैं। गरीबों को सस्ता राशन नहीं मिलता है। यही वजह है कि प्रधानी के चुनाव बहुत महंगे होने लगे हैं। प्रधानी के चुनाव में कुछ जगहों पर लोग एक-एक करोड़ रूपए खर्च कर देते हैं। प्रदेश सरकार ने गांवों की तरक्की और गरीबों को मकान मिल सके, इसलिए लोहिया आवास योजना शुरू की है। प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी लाभार्थियों से 20-20 हजार रूपए की रिश्वत मांगते हैं। मेरा मानना है कि ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अद्यक्षों के चुनाव जनता द्वारा होने चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार को केंद्र से संविधान में संशोधन करने की सिफारिश करनी चाहिए।
अगर ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव सीधे जनता द्वारा होने लगेंगे तो पंचायतीराज व्यवस्था में भ्रष्टाचार बहुत कम हो जाएगा। केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए प्रो. यादव ने कहा कि मोदी जी अच्छे दिनों के आने का वादा किया था, लेकिन अच्छे दिन कहीं दिख नहीं रहे हैं। मैंने वित्त मंत्री अरुण जेटली से कहा कि वादे के मुताबिक देश के हर नागरिक के खाते में 15 लाख ना सही 15 हजार रूपए जमा कीजिए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। झूठ बोलकर, जनता से धोखा-धड़ी करके सत्ता हथियाने वाले किसी का कोई कोई भला नहीं करेंगे। बीजेपी ने सत्ता में आने पर किसानों को एमएसपी का डेढ़ गुना दाम दाम देने का वादा किया था लेकिन महज तीन फीसदी बढ़ोतरी की।
ग्राम पंचायतों से हमारे जो भी लोग जुड़े हैं उन्हें जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की पोल खोलनी होगी। नेनता को सच्चाई से अवगत कराना होगा। निकट भविष्य में प्रदेश में पंचायतों के चुनाव होने हैं। आपको चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना होगा। प्रदेश के सहकारिता मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि कृषि क्षेत्र की उपेक्षा के कारण देश की तरक्की बाधित हुई। कृषि और किसानों की अनदेखी करके देश को मजबूत नहीं बनाया जा सकता। सहकारिता और ग्राम पंचायतों को एक दूसरे का पूरक बताते हुए उन्होंने कहा कि लोगों की खुशहाली के लिए इन्हें मजबूत बनाना होगा। समाजवादी सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। सम्मेलन को पंचायतीराज मंत्री कैलाश यादव समेत कई अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications