UP के मंत्री जय कुमार सिंह जैकी कोरोना संक्रमित, बोले- घर में आइसोलेट हूं
लखनऊ। योगी सरकार के एक और मंत्री जय कुमार सिंह जैकी कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं। जय कुमार सिंह जैकी ने सोशल मीडिया पर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी। बता दें कि जय कुमार सिंह जैकी फतेहपुर के जहानाबाद से अपना दल के विधायक हैं और योगी सरकार में कारागार तथा लोक सेवा प्रबंधन राज्य मंत्री है। बता दें कि उनसे पहले सरकार के 18 मंत्री कोरोना संक्रमित हुए थे, जिनमें दो की मृत्यु भी हो चुकी है।

मंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने फेसबुक पेज पर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी है। जय कुमार सिंह जैकी ने लिखा कि कोरोना के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर गुरुवार को मैंने अपनी जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चिकित्सक के परामर्श के अनुसार मैंने स्वयं को घर पर आइसोलेट कर लिया है। मेरा निवेदन है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर जो भी लोग मेरे संपर्क में आयें हैं, वे स्वयं को आइसोलेट कर लें एवं आवश्यकतानुसार अपनी जांच करा लें।
प्रदेश सरकार में इससे पहले 18 मंत्री कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह दो बार संक्रमित हुए हैं। तो वहीं, कोरोना से होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो गई थी।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले में प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को 24 घंटे में 7042 नए मरीजों का पता चला है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के मुताबिक, प्रदेश के 66,317 मरीजों में यह वायरस एक्टिव है। 2,21,506 लोग ठीक होकर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। रिकवरी रेट 75.85 प्रतिशत है। गुरुवार को प्रदेश में 1,49,311 सैंपल्स की जांच की गई।












Click it and Unblock the Notifications