BSP Protest: मायावती पर बयान से गरमाई सियासत, उदित राज की गिरफ्तारी के लिए बसपा नेताओं का विरोध प्रदर्शन
BSP protest: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर कांग्रेस नेता उदित राज द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ राजधानी लखनऊ में बसपा समर्थकों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करने वालों ने उदित राज की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। हजरतगंज चौराहे पर युवा साथी टीम के बैनर तले बड़ी संख्या में बसपा समर्थक जुटे और कांग्रेस नेता उदित राज के खिलाफ आक्रोश जताया।

नेताओं ने आरोप लगाया कि उदित राज ने मायावती को धमकी दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे बहुजन समाज में रोष व्याप्त है। प्रदर्शन के दौरान बसपा समर्थकों ने मायावती के समर्थन में जमकर नारे लगाए। उन्होंने कांग्रेस नेता पर मायावती और बहुजन समाज का अपमान करने का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बसपा नेता अनूप अंबेडकर का बयान
प्रदर्शन में शामिल बसपा नेता डॉ. अनूप अंबेडकर ने कहा कि मायावती केवल बहुजन समाज की नेता ही नहीं, बल्कि करोड़ों मजलूमों और शोषितों की मसीहा हैं। उन्होंने कहा कि मायावती भारतीय राजनीति की सम्मानित शख्सियत हैं और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग असहनीय है।
डॉ. अंबेडकर ने बताया कि उदित राज ने एक इंटरव्यू में मायावती के खिलाफ अपशब्द कहे और धमकी दी। उन्होंने कहा कि इससे बहुजन समाज में भारी आक्रोश है और यह मायावती का अपमान है।
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित करते हुए उदित राज की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बसपा नेताओं ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से बहुजन समाज के खिलाफ रही है और उदित राज की टिप्पणी इसी मानसिकता को दर्शाती है।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शामिल रेखा आर्य ने कहा कि मायावती का अपमान पूरे बहुजन समाज का अपमान है और इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर उदित राज पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो बसपा पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी और कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications