UP election 2022 : मायावती ने SP-BJP पर लगाया मिलीभगत का आरोप, कहा- जनता सतर्क रहे
लखनऊ, 28 जनवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल जोर-शोर से जुटे हैं। पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर रही हैं। इस बीच नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा और सपा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए दोनों पर यूपी के चुनाव को नफरती रंग देने की कोशिश का आरोप लगाया है। मायावती ने शुक्रवार को अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ''यूपी विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार से धर्म व जाति की राजनीति हावी है व मीडिया में भी ऐसी ख़बरें भरी पड़ी रहती हैं उससे ऐसा लगता है कि यह सब सपा व बीजेपी की अन्दरुनी मिलीभगत के तहत ही हो रहा है और वे चुनाव को हिन्दू-मुस्लिम व जातीय नफरती रंग देना चाहती हैं। जनता सतर्क रहे।''

बसपा ने जारी की प्रत्याशियों की एक और लिस्ट
इससे पहले बसपा ने यूपी चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 53 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही मायावती ने चौथे चरण की ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल कर दी। इससे पहले मायावती ने गुरुवार को 59 नए टिकट घोषित किए थे, जिसमें दो पुराने प्रत्याशियों को बदल कर दो नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
2 फरवरी को आगरा में जनसभा को संबोधित करेंगी मायावती
बता दें, बसपा सुप्रीमो मायावती दो फरवरी को आगरा में रैली कर बसपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। 25 जनवरी को बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने इसकी जानकारी देते हुए कू पर लिखा था, ''अवगत कराना है कि दिनांक 2 फरवरी 2022 को बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री माननीया बहन कु. मायावती जी आगरा में कोविड नियमों का पालन करते हुए जनसभा को संबोधित करेंगी। जनसभा का समय, स्थान और आगामी जनसभाओं की सूचना मीडिया बंधुओं को शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।''












Click it and Unblock the Notifications