मायावती ने उमाशंकर सिंह को बनाया विधानमंडल दल का नेता, शाह आलम के इस्तीफे के बाद खाली हुआ था पद
लखनऊ, 26 नवंबर: बसपा विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के इस्तीफे के बाद मायावती ने उमाशंकर सिंह को बसपा विधानमंडल दल नेता बनाया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में उमा शंकर सिंह के नाम का ऐलान किया। बता दें, आजमगढ़ जिले की मुबारकपुर सीट से बसपा विधायक शाह आलम ने गुरुवार को सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।

शाह आलम ने बसपा के सभी पदों से दिया इस्तीफा
विधानसभा में बसपा विधानमंडल दल के नेता शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। आजमगढ़ के मुबारकपुर से विधायक शाह आलम को मायावती ने इसी साल जून में विधानमंडल दल का नेता बनाया था। जमाली ने बसपा के सभी पदों से इस्तीफा दिया है। उन्होंने पार्टी की मुखिया मायावती को अपना इस्तीफा सौंपा है। इस्तीफे में लिखा, 'भारी मन से विधानसभा सदस्य और बसपा के हर पद से इस्तीफा दे रहा हूं।'
'अब आगे साथ रहने की कोई वजह नहीं है...'
जमाली ने पार्टी की 21 नवंबर की बैठक का हवाला देते हुए लिखा है, '2012 से पार्टी के प्रति निष्ठावान रहा और पार्टी की तरफ से मिली हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया भी, लेकिन लगता है मेरी उपेक्षा की जा रही है। ऐसे में अब आगे साथ रहने की कोई वजह नहीं है।' शाह आलम ने बीएसपी सुप्रीमो पर अनदेखी का आरोप लगाया। हालांकि, मायावती ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जमाली अपने मुकदमे के निपटारे के लिए दबाव बना रहे थे। उन्होंने धमकी दी थी अगर वह इस मामले के लिए सीएम योगी से बात नहीं करती हैं तो वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।
40 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं उमा शंकर सिंह
बसपा विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के इस्तीफे के बाद मायावती ने उमाशंकर सिंह को बसपा विधानमंडल दल नेता बनाया है। बता दें, उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा के विधायक हैं। उनके पास 40 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है।












Click it and Unblock the Notifications