भारत-चीन विवाद पर फूटा अखिलेश का गुस्सा, कहा- तत्काल निलंबित हों चीनी कंपनियों को दिए गए ठेके
लखनऊ। भारत और चीन के बीच लद्दाख की गलवान घाटी में सोमवार देर रात हिंसक झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए। इस हिंसक झड़प के बाद दोनों देशों में तनाव बना हुआ है। देश में विपक्षी दलों की ओर से सरकार पर हमले बढ़ गए हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चीनी कंपनियों को दिए गए ठेकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और चीनी आयात पर अंकुश लगाए जाने की बात कही है।
Recommended Video

देशहित में सरकार के साथ है सपा: अखिलेश
अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ''चीन के हिंसक व्यवहार को देखते हुए भारत सरकार को सामरिक के साथ-साथ आर्थिक जवाब भी देना चाहिए। चीनी कंपनियों को दिए गए ठेके तत्काल प्रभाव से निलंबित होने चाहिए और चीनी-आयात पर अंकुश लगाना चाहिए। सरकार के ऐसे किसी भी प्रयास में समाजवादी पार्टी देशहित में सरकार के साथ है।''
अब सरकार को जनता की उम्मीद पर खरा उतरना है: मायावती
मायावती ने कहा, ''लद्दाख क्षेत्र में चीन के साथ झड़प में कर्नल समेत 20 भारतीय सैनिकों के शहादत की खबर अति-दुःखद व झकझोरने वाली है, खासकर तब जब भारत सरकार दोनों देशों के बीच सीमा विवाद व तनाव को कम करने में प्रयासरत है। सरकार को अब अत्याधिक सतर्क व सूझबूझ से देशहित में कदम उठाने की जरूरत है।'' मायावती ने कहा कि देश को विश्वास है कि भारत सरकार देश की आन, बान व शान के हिसाब से सही समय पर सही फैसला लेगी व देश का एक इंच जमीन भी किसी को कभी हड़पने नहीं देगी। अच्छी बात है कि सरकार की कमियों को भुलाकर ऐसे नाजुक समय में पूरा देश एकजुट है। अब सरकार को जनता की उम्मीद पर खरा उतरना है।
चीन से सामना करने का वक्त आ गया है मोदी जी: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, ''हमारी धरती मां, हमारी संप्रभुता खतरे में है। हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। क्या हम चुप बैठे रहेंगे? भारत की जनता सच की हकदार है, उसे ऐसे नेतृत्व की दरकार है जो हमारी जमीन छिनने से पहले अपनी जान देने के लिए तैयार हो।'' प्रियंका ने कहा, ''सामने आइए मोदी जी, चीन का सामना करने का वक्त आ गया है।''












Click it and Unblock the Notifications