अब मंदिर-मस्जिद, चर्च गुरुद्वारे खोल दे सरकार, कांग्रेस ने CM योगी को पत्र लिखकर की ये मांग
लखनऊ। कोरोना-लॉकडाउन में आमजन के लिए बंद पड़े धार्मिक स्थलों को खोलने की मांग कांग्रेस पार्टी ने यूपी सरकार से की है। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने शनिवार को पत्र लिखकर कहा कि, अब मंदिर-मस्जिद, गुरुद्वारे और चर्च खोलने की अनुमति दे दी जाए। इसके लिए कांग्रेस ने बाकायदा सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है।

कांग्रेस के पत्र में कहा गया है कि जिस तरह से आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खोले जाने की छूट दे दी गई है, उसी तरह सरकार अब देश के सभी छोटे-बड़े, मठ- मंदिरों, गिरजाघर, मस्जिद-गुरुद्वारों को भी श्रद्धालुओं के लिए खोलना शुरू करे। मुकेश चौहान ने लिखा, "भारत एक आस्था प्रधान देश है। सनातन परंपरा में लोगों का ऐसा विश्वास है कि आराधना से लोगों के कष्ट दूर होते हैं। किंतु, मंदिर बंद होने से लोग अपने आराध्य से प्रार्थना भी नहीं कर पा रहे हैं। लिहाजा प्रमुख धार्मिक स्थलों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ लॉकडाउन का पूरा पालन करते हुए खोला जाए।"
मुकेश चौहान आगे बोले- "प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सरकारी कायार्लयों की भांति टनल सेनेटाइजर मशीन का उपयोग जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब लॉकडाउन का पालन करते हुए प्रदेश में शराब की दुकानों को खोला जा सकता है तो ठीक उसी प्रकार करोड़ों लोगों के आस्था के केन्द्र भी खोले जाने चाहिए। हां, ये छूट सोशल डिस्टेंसिग की शर्त पर दी जाय।"
कांग्रेस से पहले यहां अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी भी प्रदेश भर के मठ मंदिर खोले जाने की मांग उठो चुके हैं। उन्होंने योगी सरकार से सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए सभी छोटे-बड़े मंदिरों को खोले जाने का अनुरोध किया था।












Click it and Unblock the Notifications