मिशन शक्ति 3.0: वित्त मंत्री बोलीं- PM बने मोदी ने अपने उपहारों को बेचकर लड़कियों की पढ़ाई के लिए पैसा दिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से आज मिशन शक्ति 3.0 अभियान का आगाज हो गया। सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इस मिशन की शुरूआत करने की बात कही गई। इस दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। निर्मला ने कहा कि, जब मोदी जी पीएम बने, तो उन्होंने गुजरात के सीएम के रूप में मिले सभी उपहारों की नीलामी की और लड़कियों की शिक्षा के लिए पैसे दान किए।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तारीफों के पुल बांधे
वित्त मंत्री निर्मला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में आगे बोलीं कि, हाल ही में कैबिनेट विस्तार के दौरान उन्होंने (मोदी) कई महिलाओं को मंत्रियों के रूप में सरकार में जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि, मुझे मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) पर बहुत गर्व है, जो व्यापक राष्ट्रीय हित को समझते हैं। निर्मला ने कहा कि, योगीजी राज्य में अच्छी नीतियां बनाते हैं और उनका निष्पादन कर उसे अंतिम स्तर तक ले जा जाते हैं। निर्मला ने कहा, "उत्तर प्रदेश पहला राज्य है जहां गांवों में रहने वाली महिलाओं तक बैंक की सुविधा पहुंचाने के लिए महिला मित्रों का गठन किया गया है।"

"उत्तर प्रदेश का फ्यूचर ब्राइट है'
यूपी के मिशन शक्ति 3.0 कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यूपी के भविष्य की बात करते हुए कहा कि, देखो! यूपी का फ्यूचर ब्राइट है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- महिलाओं के हित में हमारी सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। अब 10 हजार महिला सिपाही गांवों में जाकर महिलाओं की समस्या सुनेंगी।
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, उत्तर प्रदेश में 75 जिले हैं। मैं मुख्यमंत्री जी की ऊर्जा को देखकर खुश होती हूं कि, इतने बड़े प्रदेश में मुख्यमंत्री हर जिले में कम से कम 2 बार से ज्यादा दौरे करते हैं। ऐसे ऊर्जावान मुख्यमंत्री हों तो कोई भी प्रदेश स्पीड से आगे बढ़ जाता है। मुख्यमंत्री जी की ऊर्जा को देखते हुए कह रही हूं कि उत्तर प्रदेश का फ्यूचर ब्राइट है... भविष्य उज्ज्वल है।'

'एक साथ 11 महिलाओं को मंत्री बनाया गया'
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं अन्य नेताओं की मौजूदगी में काफी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि, आजादी के 75 साल बाद सैनिक स्कूलों में बेटियों को दाखिले की मंजूरी मोदी सरकार ने दी। पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक साथ 11 महिलाओं को मंत्री बनाया गया है।
29.68 लाख महिलाओं के खाते में करोड़ों रु.
इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि, अभी कार्यक्रम के दौरान निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत मुख्यमंत्री 29.68 लाख महिलाओं के खाते में 451 करोड़ रुपये हस्तांतरित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications