COVID-19: तस्वीर शेयर कर यूपी पुलिस ने की अपील, अंदर रहकर मैच जीतो
लखनऊ। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 14 अप्रैल तक पूरे देश को लॉकडाउन घोषित किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने अपील करते हुए जनता से कहा है कि जो जहां है वो वहीं रहे। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस-प्रशासन ने भी लोगों को जागरुक करते हुए क्रिकेटर्स की तस्वीरें ट्वीट की है। पुलिस ने महेंद्र सिंह धोनी के रन आउट की तस्वीर पोस्ट कर सभी लोगों को अपने-अपने घरों की दहलीज न लांघने की बात कही है।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल Call 112 के जरिए धोनी की तस्वीर शेयर की है। महेंद्र सिंह धोनी की वह तस्वीर शेयर की है जब वह 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ रनआउट हो गए थे। तस्वीर को पोस्ट करते हुए पुलिस ने लिखा है कि जनता अपने-अपने घरों की दहलीज न लांघे। पुलिस ने अपनी इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'हमें कोरोना से मैच जीतना है। कैसे? अंदर रहकर।'
बता दें कि भारत में अभी तक 630 से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 14 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। देश में लोगों की जान का ज्यादा नुकसान नहीं हो। इसलिए पुलिस भी अपने-अपने तरीके से लोगों को समझाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इससे पहले यूपी पुलिस ने क्रिकेटर्स की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि हम सब भी कोरोना को हराकर दोबारा करीब आएंगे। तब तक Social Distancing करें। 130 करोड़ लोगों की टीम India भी जीतेगी!












Click it and Unblock the Notifications