CM Yuva Yojana: हजारों युवाओं की किस्मत बदलने वाली स्कीम, जानिए आप भी कैसे ले सकते हैं लाभ, सीएम ने दी जानकारी
CM Yuva Yojana: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को 'सीएम युवा कॉन्क्लेव एवं एक्सपो 2025' का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए 'सीएम युवा योजना' को आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा, यह योजना अब सिर्फ सरकारी प्रयास नहीं, एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना से 68 हजार से अधिक युवाओं को करीब 2751 करोड़ रुपये का ऋण दिया जा चुका है। इसके तहत लाभार्थियों को 10% मार्जिन मनी की सुविधा और बिना गारंटी व ब्याज के ऋण की सुविधा भी राज्य सरकार दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने मंच से कई युवाओं की सफलता की कहानियाँ साझा कीं, जिन्होंने गाँवों और कस्बों से उठकर अपना खुद का व्यवसाय स्थापित किया। सीएम ने कहा कि इन युवा उद्यमियों की सफलता इस योजना की उपयोगिता और व्यापकता को सिद्ध करती है।
ट्रेनिंग, पूंजी और प्लेटफॉर्म - तीनों की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में युवा टैलेंट की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और सहयोग की है। सीएम युवा योजना इसी सोच के साथ शुरू की गई है जहां एक ही प्लेटफॉर्म पर ट्रेनिंग, फंड और गाइडेंस उपलब्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जिले से कम से कम 50 युवा इस एक्सपो में लाए जाएं ताकि वे योजनाओं, संसाधनों और बिजनेस मॉडल्स को नज़दीक से समझ सकें। इसके जरिए उन्हें बाज़ार से जुड़ने का सीधा अवसर मिलेगा।
एक्सपो में इनोवेटिव बिजनेस मॉडल्स की झलक
कार्यक्रम में 'बिजनेस ऑन व्हील्स' फ्रेंचाइजी मॉडल्स और अन्य नवाचारों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने इन्हें आधुनिक भारत के युवाओं के लिए व्यावहारिक विकल्प बताते हुए युवाओं से इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
साथ ही 'यूपी मार्ट' नामक पोर्टल का शुभारंभ किया गया जिससे मशीनरी और बिजनेस संसाधन अब युवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेंगे। इससे MSME सेक्टर को नई तकनीक और संसाधनों तक आसान पहुंच मिल पाएगी।
एमओयू से मिलेगा युवाओं को उद्योगिक सहयोग
कॉन्क्लेव के दौरान 17 कंपनियों और संस्थानों के साथ समझौते (एमओयू) भी किए गए। ये संस्थाएं योजना के लाभार्थियों को तकनीकी, वित्तीय और बाजार आधारित सहयोग देंगी। मुख्यमंत्री ने इसे उद्योग और शासन के बीच सहयोग की बड़ी पहल बताया।
उन्होंने कहा कि जब सरकार समाज और निजी क्षेत्र मिलकर काम करते हैं तब युवाओं को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सभी जिलों के प्रशासन से योजना के प्रचार और क्रियान्वयन में तेजी लाने को भी कहा।
शिक्षण संस्थानों को जोड़ा जाएगा योजना से
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के कुलपतियों से संवाद करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। युवाओं को सही जानकारी नहीं मिलने के कारण वे गलत योजनाओं में फंस जाते हैं।
उन्होंने कहा कि 'सीएम युवा योजना' युवाओं को जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बनाने का मिशन लेकर आई है। संस्थानों को चाहिए कि छात्रों को समय रहते इस योजना की जानकारी दें और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करें।
सीएम योगी ने कहा कि अब कोई भी युवा यूपी में कारोबार शुरू करता है तो उसे पहले 1000 दिन तक किसी तरह की लाइसेंस बाध्यता नहीं होगी। इससे शुरुआती बाधाएं अपने आप दूर हो जाएंगी।
साथ ही उन्हें राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर भी मिलेगा। यह सुविधा जोखिम उठाने वाले युवाओं को अतिरिक्त सुरक्षा और आत्मविश्वास देगी।












Click it and Unblock the Notifications