यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलेंगे CM योगी
लखनऊ, मई 27: उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेंगे। शाम सात बजे होने वाली इस मुलाकात के बारे में कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी प्रदेश में कोरोना की स्थित और अपने दौरों की रिपोर्ट देंगे। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हैं। बता दें, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पिछले कई दिनों से भोपाल में थीं। वह कई कार्यक्रम रद्द कर लखनऊ लौट आई हैं। ऐसे में इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है।
Recommended Video

एमएलसी एके शर्मा को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मुलाकात को लेकर कयास लगाया जा रहा है कि यूपी मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व आईएएस और एमएलसी एके शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी की जा सकती है। सूत्र कहते हैं कि एमएलसी एके शर्मा को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा विवादों में चल रहे बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी को लेकर भी कई कयास लग रहे हैं।
कोरोना से तीन मंत्रियों का निधन
बता दें, 19 मार्च 2017 को सरकार गठन के बाद 22 अगस्त 2019 को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार किया था। उस दौरान उनके मंत्रिमंडल में 56 सदस्य थे। कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से तीन मंत्रियों का निधन हो चुका है। हाल ही में राज्यमंत्री विजय कुमार कश्यप का भी निधन हो गया था, जबकि पहली लहर में मंत्री चेतन चौहान और मंत्री कमला रानी वरुण का निधन हो गया था। नियम के मुताबिक, यूपी में कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 60 तक हो सकती है। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में 6 स्वतंत्र प्रभार मंत्रियों को कैबिनेट की शपथ दिलाई गई थी। मौजूदा समय में योगी सरकार के मंत्रिमंडल में 23 कैबिनेट मंत्री, 9 स्वतंत्र प्रभार मंत्री और 22 राज्यमंत्री हैं। इस तरह से यूपी सरकार में फिलहाल कुल 54 मंत्री हैं, जिसके लिहाज से 6 मंत्री पद अभी भी खाली है, जिन्हें बढ़ाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications