BJP की सरकार में यह नहीं कहा जाता है कि 'लड़के हैं, गलती कर देते हैं', सदन में CM योगी का अखिलेश पर तंज
लखनऊ, 24 मई: लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के पूर्व में दिए गए बयान 'लड़के हैं, गलती कर देते हैं' को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को तंज भरे लिहाज में जवाब दिया। दरअसल, अखिलेश यादव ने सदन में कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को लेकर योगी सरकार को घेरने की कोशिश की। अखिलेश ने कहा कि समाज में जिस तरह की घटना हो रही है, उसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है। जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार के रहते हुए इतनी घटनाएं हो रही हैं। कैसी-कैसी घटनाएं हो रही हैं। इलाहाबाद में एक पूरा परिवार खत्म कर दिया गया। अब तक खुलासा नहीं हुआ। अखिलेश ने सिद्धार्थनगर की घटना का भी जिक्र किया।

लोगों की गर्मी को शांत किया जा रहा है: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''हमने 5 सालों में जीरो टॉरलेंस के साथ कार्रवाई की है। कुछ लोगों ने गर्मी दिखाने की कोशिश की, लेकिन सबको शांत किया जा रहा है। सिद्धार्थनगर में पुलिस की गोली से मौत नहीं हुई है। पुलिस के मनोबल को तोड़ने वाली बात नहीं करनी चाहिए। एक युवक ने गोली चलाई, जिसमें मुस्लिम महिला की मौत हुई थी। कार्रवाई की खुली छूट है।''
BJP की सरकार में 'लड़के हैं, गलती कर देते हैं' नहीं कहा जाता
सीएम योगी मुलायम सिंह यादव के पूर्व में दिए गए बयान 'लड़के हैं, गलती कर देते हैं' को लेकर भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव को तंज भरे लिहाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''ये भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। अब यहां अपराधियों के बारे में यह नहीं कहा जाता है कि 'लड़के हैं, गलती कर देते हैं।'' सीएम ने आगे कहा, सरकार अपराध और अपराधियों के मुद्दे पर अपनी कार्रवाई को जारी रखेगी। सुरक्षा का अधिकार सबको देना सरकार की जिम्मेदारी है। कोई व्यक्ति सरेआम अपराध करे, इसे सरकार स्वीकार नहीं कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications