कोविड से जान गंवाने वाले पत्रकारों के परिजनों 10 लाख देगी सरकार, सीएम योगी ने किया ऐलान
लखनऊ, मई 30: हिंदी पत्रकारिता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड संक्रमण की वजह से जान गंवाने वाले मीडियाकर्मियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। बता दें कि सीएम के निर्देश के बाद सूचना विभाग दिवंगत पत्रकारों का ब्यौरा जुटाने में लग गया है, जिससे उनके परिजनों को जल्द सहायता प्रदान की जा सकें।

Recommended Video
इस बात की जानकारी सीएम योगी के मीडिया सलाहकार सचिव मृत्युंजय कुमार ने ट्विट कर दी। मीडिया सलाहकार सचिव मृत्युंजय कुमार ने ट्विट करते हुए लिखा, 'हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सीएम योगी ने कोरोना के शिकार दिवंगत पत्रकारों के परिवारों के लिए 10 लाख की आर्थिक सहायता के निर्देश दिए।' दरअसल, कोरोना काल में कवरेज के दौरान कई पत्रकार संक्रमित हो गए और कई का निधन हो गया। ऐसे में उनके परिजनों के सामने भरण-पोषण की मुश्किल आ गई है। इसे देखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है।
निराश्रित बच्चों की देखभाल करने वालों को चार हजार रुपए प्रतिमाह देगी सरकार
इसके एक दिन पहले कोरोना के चलते निराश्रित बच्चों के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। ऐसे बच्चों की देखभाल करने वालों को सरकार चार हजार रुपये प्रतिमाह देगी। स्कूल-कॉलेजों में पढ़ रहे या व्यावसायिक शिक्षा ले रहे बच्चों को लैपटॉप व टैबलेट दिया जाएगा बच्चियों की शादी के लिए भी एक लाख एक हजार रुपए की राशि दी जाएगी। वहीं, 10 साल से कम आयु के ऐसे बच्चे जिनका कोई केयरटेकर नहीं है, उनके आवास की व्यवस्था बाल गृह में की जाएगी, जिसका ख़र्च सरकार उठाएगी।
कोरोना संक्रमण में आई कमी
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या कम हुई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 2287 नए संक्रमित सामने आए हैं जबकि 157 मरीजों की मृत्यु हो गई। तो वहीं, 7902 लोग डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। प्रदेश का कोरोना रिकवरी रेट 96.4 फ़ीसदी हो चुका है। प्रदेश में कोरोना के अब कुल 46 हजार 201 सक्रिय मरीज रह गए हैं। इस दौरान 24 घंटे में प्रदेश में कुल तीन लाख 40 हजार टेस्ट हुए हैं। जिनमें से एक लाख 42 हजार आरटीपीसीआर टेस्ट थे।












Click it and Unblock the Notifications