पंजाब में अकाली दल और बीएसपी गठबंधन पर बोलीं मायावती, यह एक नई राजनीतिक व सामाजिक पहल
पंजाब में अकाली दल और बीएसपी गठबंधन पर बोलीं मायावती, यह एक नई राजनीतिक व सामाजिक पहल
लखनऊ, जून 12: अगले साल 2022 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर सुखबीर सिंह बादल की शिरोमणी अकाली दल (शिअद) और यूपी की पूर्व सीएम मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने गठबंधन कर लिया है। दोनों पार्टियों के गठबंधन की आज यानी शनिवार 12 जून को शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा कर दी है। गठबंधन की घोषणा होने के बाद बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट करते हुए कहा, 'यह गठबंधन एक नई राजनीतिक व सामाजिक पहल है?'

बीएसपी अध्यक्ष व यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने शनिवार 12 जून को एक के बाद एक तीन ट्वीट किए। मायावती ने कहा, 'पंजाब में आज शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी द्वारा घोषित गठबंधन एक नई राजनीतिक व सामाजिक पहल है, जो निश्चय ही यहां राज्य में जनता के बहु-प्रतीक्षित विकास, प्रगति व खुशहाली के नए युग की शुरूआत करेगा। इस ऐतिहासिक कदम के लिए लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
बीएसपी अध्यक्ष ने कहा, 'वैसे तो पंजाब में समाज का हर तबका कांग्रेस पार्टी के शासन में यहां व्याप्त गरीबी, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी आदि से जूझ रहा है, लेकिन इसकी सबसे ज्यादा मार दलितों, किसानों, युवाओं व महिलाओं आदि पर पड़ रही है, जिससे मुक्ति पाने के लिए अपने इस गठबंधन को कामयाब बनाना बहुत जरूरी है।' साथ ही, 'पंजाब की समस्त जनता से पुरज़ोर अपील है कि वे अकाली दल व बीएसपी के बीच आज हुए इस ऐतिहासिक गठबंधन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए यहां सन् 2022 के प्रारम्भ में ही होने वाले विधानसभा आमचुनाव में इस गठबंधन की सरकार बनवाने में पूरे जी-जान से अभी से ही जुट जाएं।
आपको बता दें कि सुखबीर सिंह बादल ने कहा, पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 20 सीटों पर और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) बाकी 97 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, इस मौके पर बसपा सांसद सतीश मिश्रा ने कहा, यह एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि शिरोमणि अकाली दल साथ हमने गठबंधन किया है, जो पंजाब की सबसे बड़ी पार्टी है। 1996 में बसपा और शिअद दोनों ने संयुक्त रूप से लोकसभा चुनाव लड़ा और 13 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की। इस बार ये गठबंधन नहीं टूटेगा।












Click it and Unblock the Notifications