CM योगी के ट्वीट पर बिफरे अखिलेश यादव, Twitter पर ही दाग दिए ये सवाल
लखनऊ, 25 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे नेताओं के बयानों में तल्खी बढ़ती जा रही है। एक तरफ सत्ताधारी बीजेपी के नेता और खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर हमलावर हैं तो वहीं विपक्षी दलों के नेता भी सरकार को घेरने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। ताजा बयान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का सामने आया है। सोमवार की सुबह सपा अध्यक्ष ने एक ट्वीट के जारिए उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
Recommended Video

'भाजपा के राज से पहले किसानों पर जीप चढ़ाने की घटना क्यों नहीं हुई'
अखिलेश यादव ने एक ट्वीट में लिखा, ''अपने पिछले 4.5 सालों के कार्यों पर विपक्ष से सवाल करनेवाले भाजपाई पहले ये तो बताएं कि उप्र में भाजपा के राज से पहले रात में बलात्कार की पीड़िता का शव जलाने, श्मशान व महामारी में घोटाले, गोरखपुर में इतने अधिक बच्चे मरने, किसानों पर जीप चढ़ाने और चंदा चोरी की घटना क्यों नहीं हुई।''
सीएम योगी विपक्ष से किया था सवाल
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ट्वीट के माध्यम से विपक्ष से सवाल किया था। मुख्यमंत्री योगी के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल से लिखा गया था, ''विपक्ष बताए कि उ.प्र. में जितने विकास कार्य विगत 4.5 वर्षों की अल्प अवधि में सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं, उतने विकास कार्य आजादी के बाद 70 वर्षों में भी क्यों नहीं हो पाए?'' मुख्यमंत्री योगी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ''पिछली सरकारों की सोच विकासपरक नहीं, आपराधिक थी। हमारी सोच पूरे समाज को एक साथ लेकर चलने की है।''
मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को भदोही में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, ''मेरे लिए मेरा प्रदेश ही मेरा परिवार है। पहले की सरकारों में जो थे, उनके लिए परिवार ही प्रदेश होता था। हम कहते हैं कि सबका साथ और सबका विकास और वो कहते हैं कि मेरा परिवार और मेरा विकास।''












Click it and Unblock the Notifications