भाजपा सरकार जैसी निर्मम सत्ता पहले कभी नहीं आई: अखिलेश यादव
लखनऊ, 20 अगस्त: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में कोरोना वायरस से हुई मौतों का जिम्मेदार भाजपा सरकार को ठहराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां एक ओर सरकारी अस्पताल बदइंतजामी के शिकार थे वहीं दूसरी ओर प्राइवेट अस्पताल लूट के अड्डे बन गए थे। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने कोरोना काल में हुई मौतों के आंकड़े छिपाने का शर्मनाक काम किया है।

भाजपा सरकार जैसी निर्मम सत्ता पहले कभी नहीं आई
उत्तर प्रदेश में कोरोना पीड़ितों के परिजन पहले इलाज, बेड, दवाई के लिए परेशान रहे और निधन होने के बाद मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए भटकना पड़ा। परिजन शपथ-पत्र व हलफनामा देने को तैयार थे, उसके बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। परिवारों और परिजनों का दर्द न समझने वाली भाजपा सरकार जैसी निर्मम सत्ता पहले कभी नहीं आई। अखिलेश यादव ने कहा, कोरोना काल में बदहाली झेल रहे छोटे दुकानदारों की पीड़ा सिर्फ समाजवादियों ने सुनी। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में छोटे कारोबारियों के लिए कोई राहत नहीं दी, जबकि कोरोना काल में उन्होंने दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति अपनी जान पर खेल कर की है।
भाजपा ने कोरोना से हुई मौतों के आंकड़े छिपाए
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने कोरोना काल में हुई मौतों के आंकड़े छिपाने का शर्मनाक काम किया है। भाजपा सरकार का कोरोना में ऑक्सीजन की कमी से एक भी मौत न होने का बयान आपराधिक और निर्दयी है, जिनके घर उजड़ें वो भाजपा के इस महाझूठ का दर्द भरा सच जानते हैं। भाजपा माफी योग्य नहीं है। मृत्यु जीवन का सबसे बड़ा सच है, लेकिन भाजपा सरकार उस सबसे बड़े सच को ही झुठलाने में लगी है। यह घोर निंदनीय है।












Click it and Unblock the Notifications