ललितपुर: प्रधान ने की रेप की कोशिश, आहत नाबालिग ने खुद को लगाई आग
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में ग्राम प्रधान ने नाबालिग किशोरी को अपने घर बुलाकर उसके साथ रेप की कोशिश की। आहत होकर नाबालिग ने खुद को आग लगा ली। आग से नाबालिग बुरी तरह झुलस गई। आनन-फानन में उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। मामला जनपद की तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है।

घर बुलाकर कमरे में किया बंद
पीड़िता ने बताया, शनिवार की देर शाम ग्राम प्रधान अशोक यादव ने मुझे किसी काम से बुलाया था। जब मैं उनके घर गई तो उसने मुझे कमरे में बंद कर जबरदस्ती कपड़े उतार दिए। इसी दौरान प्रधान की पत्नी वहां आ गई और मुझे इस हालत में देखकर आग बबूला हो गई। प्रधान की पत्नी ने मुझे बहुत मारा-पीटा। मैं घर भागकर आई और मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
क्या कहती है पुलिस
पीड़िता के पिता और मामा ने भी ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी पुत्री के साथ रेप का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग का कहना है कि एक किशोरी के परिजनों द्वारा ग्राम प्रधान और उसकी पत्नी पर घर बुलाकर छेड़खानी का आरोप लगाया है। इस काम में ग्राम प्रधान की पत्नी भी सहयोगी रही है। तहरीर के आधार पर पूरा मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications