UP: पांच मिनट में शख्स को लगा दी कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज, जांच के आदेश
ललितपुर, जून 10: यूपी के ललितपुर जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को पांच मिनट के अंतराल पर ही कोविड के टीके की दोनों डोज लगा दी गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को रावरपुरा मोहल्ले के एक टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगावने गए शख्स ने आरोप लगाया है कि नर्सिंग स्टॉफ आपस में बात करने में इतना व्यस्त थे कि उन्होंने पांच मिनट के भीतर उसे वैक्सीन की दूसरी खुराक दे दी। शख्स ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि एक निश्चित समय अंतराल के बाद वैक्सीन की दूसरी खुराक का इंजेक्शन लगाया जाना था। उन्होंने दावा किया कि जब वे टीका लगवाकर घर पहुंचे तो उन्हें बेचैनी महसूस हुई, इसलिए उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में बताया।

सीएमओ ने मामले की जांच के आदेश दिए
इसके बाद शख्स ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मामले की इसकी शिकायत की, जिसके बाद शख्स को एक आपातकालीन वार्ड में भेज दिया गया और मामले की सूचना जिलाधिकारी को भी दी गई। इस बीच सीएमओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोहरे टीकाकरण से आदमी को कोई नुकसान नहीं होगा। बता दें , कृष्णमुरारी (38) शहर के रावर इंटर कॉलेज में वैक्सीनेशन सेंटर में वैक्सीन लगवाने पहुंचे थे, जहां पर उनका वैक्सीनेशन कार्ड बनाया गया। इसके बाद वैक्सीन की डोज लगाई गई। कृष्णमुरारी ने आरोप लगाया कि वैक्सीनेशन सत्र में टीकाकरण के दौरान तैनात एएनएम ने उसको एक की जगह दो टीके लगा दिए हैं।
घर चला गया शख्स
इस मामल में जिला सहायक मलेरिया अधिकारी और वैक्सीनेशन सेंटर के नोडल अधिकारी केएस सिंह ने बताया कि केंद्र पर आने पर लाभार्थी को कार्ड जारी किया गया, इसके बाद उसका टीकाकरण किया गया। लाभार्थी आधे घंटे तक परिसर में रुका रहा, जिसके बाद अपने घर चला गया। एक घंटे बाद वह केंद्र पर वापस आया और बताया कि उसे दो डोज लगाए गए। जिसके बाद डोज की मात्रा की जांच की। जिसमें कोई डोज कम नहीं मिला। नोडल अधिकारी, कोविड वैक्सीनेशन डॉ. हुसैन खान ने बताया कि लाभार्थी के दो डोज लगने की शिकायत पर इमरजेंसी लाया गया, जहां भर्ती रहने की सलाह दी, लेकिन वह अपने घर चला गया। उसे कोई परेशानी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications