लखीमपुर खीरी हिंसा: '8 अक्टूबर को पेश हों आशीष मिश्रा', केंद्रीय मंत्री के घर के बाहर नोटिस चस्पा
लखीमपुर खीरी, 7 अक्टूबर: लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान के बाद यूपी पुलिस ने अब कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी के लखीमपुर खीरी स्थित आवास के बाहर नोटिस चस्पा कर उनके बेटे आशीष मिश्रा को लखीमपुर खीरी में हिंसा के सिलसिले में 8 अक्टूबर को यानि कल पेश होने को कहा है। बता दें, पुलिस ने इस मामले में आज की दो लोगों को हिरासत में लिया था। इन लोगों से पूछताछ चल रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के दिन गोलियां चलीं या उससे कोई घायल या हताहत हुआ इस संबंध में पुख्ता जानकारी नहीं है, इसलिए जांच अन्य माध्यमों के जरिए की जा रही है। आईजी रेंज लखनऊ लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जिन दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने इस मामले में तीन लोग जिनकी मौत हो गई है, उनकी भूमिका की पुष्टि की है। तकनीकी तौर पर उन पर भी आरोप हैं।

आशीष मिश्रा को कल सुबह 10 बजे पेश होने को कहा गया
यूपी पुलिस द्वारा चस्पा नोटिस में कहा गया है कि मुकदमा संख्या 219/2021 धारा- 147, 148, 149, 279, 338, 304 ए, 302, 120बी, थाना तिकुनियां जनपद खीरी के संबंध में जो तथ्य आपके संज्ञान में हैं, उन्हें प्रकट करने हेतु आपको निर्देशित किया जाता है कि दिनांक 8.10.2021 को समय 10:00 बजे प्रात: अपराध शाखा कार्यालय, रिजर्व पुलिस लाइन्स जनपद खीरी में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर वस्तु/लिखित/मौखिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्रस्तुत करें।
लखीमपुर खीरी में क्या हुआ था ?
रविवार (3 अक्टूबर) को लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन कर रहे किसानों को तेज रफ्तार गाड़ी ने रौंद दिया था। घटना में चार किसानों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग मारे गए। इनमें दो बीजेपी कार्यकर्ता, एक ड्राइवर और एक पत्रकार शामिल है। किसानों का आरोप है कि गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा ने किसानों को गाड़ी से कुचला, जबकि अजय मिश्रा और उनके बेटे ने आरोपों को निराधार बताया है। इस मामले में आशीष मिश्रा के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तार नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आशीष मिश्रा की तलाश की जा रही है। अब पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अजय मिश्रा टेनी के घर के बाहर नोटिस चस्पा कर उनके बेटे आरोपी आशीष मिश्रा को पेश होने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications