हमें बिना FIR गिरफ्तार किया जा सकता है तो आशीष मिश्रा को अरेस्ट क्यों नहीं किया जाता: प्रियंका गांधी
लखनऊ, 07 अक्टूबर। लखीमपुर में विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जिस तरह से कई प्रदर्शनकारियों की यहां हुई हिंसा में मौत हो गई उसके बाद विपक्ष लगातार इस मामले में यूपी सरकार को घेरने में लगा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मांग की है कि गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी को मंत्री पद से हटाया जाए। प्रियंका गांधी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात के बाद कहा कि इन परिवारों को मुआवजा नहीं चाहिए, उन्हें न्याय चाहिए।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखीमपुर में कहा कि पीड़ित परिवारों को तबतक न्याय नहीं मिल सकता है जबतक अजय मिश्रा टेनी को पद से नहीं हटाया जाता है। मंत्री पद पर रहते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती है। अगर ये लोग हमे बिना एफआईआर के गिरफ्तार कर सकते हैं तो आखिर ये लोग आशीष मिश्रा को गिरफ्तार क्यों नहीं कर सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि प्रियंका जब लखीमपुर जा रही थीं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और सीतापुर पीएसी गेस्ट हाउस में रखा गया था।
गौर करने वाली बात है कि प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी ने लखीमपुर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दीपेंद्र हुड्डा, केसी वेणुगोपाल सहित कई नेता शामिल थे। लखीमपुर मामले में राजनीतिक करने के आरोप पर प्रियंका बोलीं कि इस मामले में सबसे ज्यादा राजनीति भाजपा कर रही है। ये लोग खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं आखिर कौन सा राष्ट्रवादी इस तह से किसानों को कुचलने देगा, जिन्होंने कुचला है उनपर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जब गृह राज्यमंत्री के तहत पूरी पुलिस आती है तो आखिर पुलिस कैसे निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications