लखीमपुर खीरी के एसपी विजय ढुल का तबादला, अब इस अफसर को मिली जिम्मेदारी
लखीमपुर खीरी, 12 नवंबर: तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुई हिंसा मामले में अब एसपी विजय ढुल को हटा दिया गया है। प्रदेश की योगी सरकार ने विजय ढुल को डीजीपी मुख्यालय से अटैच कर दिया है। विजय ढुल की जगह लखनऊ कमिश्ररेट में तैनात आईपीएस संजीव सुमन को लखीमपुर खीरी जिले का नया एसपी बनाया गया है। बता दें कि विजय ढुल को दो महीने पहले ही लखीमपुर खीरी का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया था।

इसस पहले प्रदेश की योगी सरकार पिछले महीने ही जिलाधिकारी अरविंद चौरसिया को भी वहां से हटा चुकी है। उनकी जगह आईएएस महेंद्र बहादुर सिंह को नए डीएम बना गया था। यही नहीं, लखीमपुर हिंसा की जांच कर रहे डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल की नई तैनाती लखनऊ मुख्यालय से देवीपाटन मंडल की गई। फिलहाल, अभी वह पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। तो वहीं, लखीमपुर हिंसा मामले में फॉरेंसिक लैब की रिपोर्ट में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा और उसके मित्र अंकित दास के लाइसेंसी असलहा की बैलेस्टिक रिपोर्ट में फायरिंग की पुष्टि हुई है। इससे साफ हो गया है कि तिकुनिया में हिंसा के दौरान लाइसेंसी असलहे से फायरिंग भी की गई थी।
आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
लखीमपुर हिंसा मामले की आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई भी है। इससे पहले हुई चार सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार को फटकार लगाई थी। पिछली सुनवाई पर सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में जांच कराए जाने की बात कही थी।
क्या है लखीमपुर खीरी हिंसा का मामला?
लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में 3 अक्टूबर को किसानों ने उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की यात्रा के खिलाफ प्रदर्शन किया था, तभी तीन गाड़ियों के काफिले ने किसानों को कुचल दिया। इस हादसे में चार किसानों और एक पत्रकार की मौके पर मौत हो गई थी। गुस्साई भीड़ ने तीन बीजेपी कार्यकर्ताओं को पीट-पीटकर मार डाला था।












Click it and Unblock the Notifications