Lakhimpur Kheri case: भाजपा कार्यकर्ताओं की लिंचिंग मामले में एक और किसान गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 03 जनवरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पिछले साल 3 अक्टूबर को हुई हिंसा के दौरान बीजेपी के तीन कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एसआईटी ने एक और आरोपी किसान को गिरफ्तार किया है। लखीमपुर खीरी पुलिस और वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी (एसपीओ) एसपी यादव ने बताया कि करीब दो महीने पहले एसआईटी द्वारा संदिग्धों की तस्वीरें जारी किए जाने के बाद से 22 वर्षीय गुरप्रीत सिंह फरार चल रहा था।
Recommended Video

लखीमपुर खीरी में हुई लिंचिंग मामले में अब तक सात किसानों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसआईटी ने इससे पहले विचित्र सिंह, गुरविंदर सिंह, अवतार सिंह, रणजीत सिंह, कमलजीत सिंह और कवलजीत सिंह को संदिग्धों के रूप में पहचाने जाने के बाद गिरफ्तार किया था। बता दें, आरोपी करीब दो महीने से पुलिस से छिप रहे थे। भाजपा कार्यकर्ता सुमित जायसवाल की तहरीर पर शुरू में अज्ञात किसानों के खिलाफ हत्या और दंगा फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सुमित जायसवाल हिंसा के दौरान चार किसानों और एक पत्रकार की मौत के मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा के साथ सह-आरोपी है। सुमित द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी में किसानों और पत्रकार की मौत का जिक्र नहीं था, जिन्हें कथित तौर पर आशीष के काफिले ने कुचल दिया था।
हिंसा से संबंधित पहली प्राथमिकी पुलिस ने आशीष और अन्य के खिलाफ किसानों की शिकायत के आधार पर दर्ज की थी। एसआईटी ने उस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है और घटना को योजनाबद्ध करार दिया है। बीते नवंबर में सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी का पुनर्गठन किया था और नए सदस्यों को जोड़ा था। सदस्यों में आईपीएस अधिकारी एसबी. शिराडकर, प्रीतिंदर सिंह और पद्मजा चौहान, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश राकेश कुमार जैन शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications